झारखंड के किसानों को छह महीने बाद भी धान का भुगतान नहीं : भाजपा
राज्य के 9,615 किसानों को भुगतान नहीं मिला, भुगतान प्रक्रिया में घोटाला और भ्रष्टाचार व्याप्त

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो भाजपा प्रवक्ता राफिया नाज ने प्रेस बयान जारी कर हेमंत सरकार पर धान खरीद को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि झारखंड में धान की आपूर्ति के छह महीने बाद भी 9,615 किसानों को उनका भुगतान नहीं मिला है। राज्य खाद्य निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, 36,497 किसानों ने 5.07 लाख क्विंटल धान आपूर्ति की थी, लेकिन अब तक 4,929 किसानों को एक भी रुपया नहीं मिला है। भाजपा नेता राफिया नाज ने कहा कि जब अन्नदाता ही भूखा रह जाए, तो इससे समझा जा सकता है कि इस शासन की प्राथमिकताओं में किसान नहीं है।
सरकार किसानों से धान खरीदने की अपील करती है, लेकिन भुगतान में की जा रही देरी उनके आर्थिक संकट को और बढ़ा रही है। यह स्थिति शर्मनाक है। राफिया ने आरोप लगाया कि भुगतान प्रक्रिया में घोटाला और भ्रष्टाचार व्याप्त है। हजारीबाग में 40 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकारी प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को जल्द भुगतान नहीं किया गया, तो इसका असर अगली फसल पर पड़ेगा। यह केवल धान का भुगतान नहीं, किसानों के खून-पसीने की कीमत है। उन्होंने कहा कि अगर आज सरकार नहीं जागी, तो कल ये किसान अपना भरोसा खो देंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।