बेड़ो में बारिश से सब्जी की फसल को बड़ा नुकसान
बेड़ो प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश से किसानों की सब्जी की फसलें बर्बाद हो गई हैं। बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है और जलजमाव ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। किसान मुआवजे की...

बेड़ो, प्रतिनिधि। प्रखंड मुख्यालय सहित प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। खेतों में लगी सब्जी बर्बाद हो चुकी है इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश से किसानों के खेतों में लगे टमाटर, कद्दू, भिंडी, मिर्चा, फूलगोभी, पत्तागोभी, बैगन, झिंगी और नेनुआ आदि फसलों को नुकसान पहुंचाया है। जबकि ग्रामीणों की की जीविका का एकमात्र साधन सब्जी की खेती है। किसानों ने हाड़तोड़ मेहनत से सब्जी लगाई थी। इसी बीच मंगलवार की रात हो रही झमाझम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
किसानों ने कहा सरकार अविलंब मुआवजा दे..... प्रखंड के किसान पवन महतो, ब्रजेश महतो, राजेंद्र महतो, बलदेव महतो, विजय महतो, ईश्वर महतो, अशोक महतो, हरि महतो, दिनेश महतो, अशोक महतो, गोपाल महतो, श्याम महतो, गंदुरा कुजूर, पंकज कुजूर, प्रकाश उरांव, जुब्बी उरांव, जेवियर तिर्की, सुलेमान तिर्की, मंगलू उरांव,जतरू उरांव, भीम और सुनील समेत दर्जनों किसानों ने कहा कि परिवार के भरण पोषण की उम्मीद सिर्फ सब्जी की फसल पर टिकी थी। लेकिन, लगातार बारिश ने खेतों में कहर बरपाया। प्रकृति की मार ने किसानों की कमर तोड़ दी। किसानों ने प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि प्रखंड क्षेत्र में बारिश से किसानों की फसलों के नुकसान का अविलंब मुआवजा दिया जाए। तीन महीने पहले ओला से नष्ट हुई फसल का अभी तक नहीं मिला मुआवजा प्रखंड के किसानों का कहना है कि तीन महीने पहले ओलावृष्टि में सब्जी की फसलें नष्ट हो गई थीं। इसका मुआयना प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने किया था और मुआवजा देने आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। किसान मुआवजा नहीं मिलने से परेशान हैं। किसानों ने कहा कि मुआवजा नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।