ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पिठोरिया थाने के चार पुलिसकर्मी निलंबित
रांची में पिठोरिया थाना के चार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया। डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने यह आदेश जारी किया। जांच में पाया गया कि पुलिसकर्मी गश्त छोड़कर थाने में...

रांची, वरीय संवाददाता। पिठोरिया थाना में पदस्थापित चार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया। इससे संबंधित आदेश डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने जारी किया है। निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में पिठोरिया थाना के मुंशी अजय पासवान, श्यामानंद पासवान, अमृत प्रसाद मेहता के अलावा पीसीआर जवान नीरज कुजूर शामिल हैं। आदेश में कहा गया कि मुख्यालय डीएसपी अमर कुमार पांडेय 30 अप्रैल को पिठोरिया थाना का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान थाना में न तो पुलिसकर्मी मौजूद थे और न ही गश्ती में। मुख्यालय डीएसपी की रिपोर्ट के आधार पर डीआईजी सह एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
सादे लिबास में आराम कर रहे थे पुलिसकर्मी मुख्यालय डीएसपी वन ने निरीक्षण में पाया था कि गश्ती करने वाले पुलिसकर्मी ड्यूटी छोड़कर थाने में ही आराम फरमा रहे थे। डीएसपी सुबह करीब 10 बजे पिठोरिया थाना पहुंचे तो कोई भी पदाधिकारी और पुलिसकर्मी नहीं दिखे। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी सामने नहीं आए। डीएसपी थाने के पहले तल्ले पर गए तो जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी गश्ती थी, वह सादे लिबास में मिले। पिठोरिया थाने के जेएसआई अमृत प्रसाद मेहता को गश्त करना था, लेकिन वह थाने में ही थे। गश्त के बजाय थाने में विश्राम करने को लेकर जब डीएसपी ने सवाल पूछा गया तो अमृत प्रसाद उसका कोई जवाब नहीं दे पाए। जेएसआई श्यामानंद पासवान थाने से गायब मिले। जब उन्हें जानकारी हुई कि डीएसपी थाने में आए हैं, तब वह भागे-भागे पहुंचे। श्यामानंद ड्यूटी से क्यों गायब थे, वह भी इसका कोई उचित जवाब डीएसपी को नहीं दे पाए। मुंशी अजय पासवान भी थाने में ड्यूटी के बजाय आराम करते मिले। अजय पासवान पर पूर्व में ग्रामीण और थाना आने वाले दूसरे लोगों के साथ दुर्व्यवहार और गाली गलौज करने की शिकायत भी मिली थी। इससे पहले 22 फरवरी को डीआईजी खुद ही पिठोरिया थाने का औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान तत्कालीन थानेदार गौतम राय को सस्पेंड किया गया था। दरअसल, पिठोरिया थाना को लेकर डीआईजी को कई तरह की शिकायतें मिल रही थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।