शिक्षकों की प्रोन्नति के लिए सूची जारी करना सिर्फ दिखावा : संघ
रांची जिला में स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों को ग्रेड-4 में प्रोन्नति देने की प्रक्रिया में देरी पर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने निराशा जताई है। संघ का कहना है कि कई बार संशोधित सूची जारी की गई है,...

रांची, वरीय संवाददाता। रांची जिला में प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय में कार्यरत स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों को ग्रेड-4 में स्नातक प्रशिक्षित पद पर प्रोन्नति देने के लिए एक बार और औपबंधिक वरीयता सूची जारी करने पर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने निराशा जाहिर की है। संघ के मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने कहा कि ग्रेड-4 में प्रोन्नति देने के लिए दिसंबर 2024 से प्रक्रिया चल रही है। कई बार संशोधन के लिए सूची जारी की गई है। शनिवार को एक सूची जारी की गई है। यह सिर्फ दिखावा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक प्रोन्नति दी जाएगी या सूची ही जारी होती रहेगी।
प्रोन्नति देने को लेकर शिक्षक आशा भरी निगाह से देख रहे हैं। इस मामले में सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रोन्नति को उलझाकर रखा गया है, क्योंकि प्रोन्नति देने के लिए सात माह से जोड़ घटाव चल रहा है। आठ माह का समय कम नहीं है। यह सिर्फ दिखावा है कि बार-बार सूची जारी की जा रही है। नसीम अहमद ने कहा कि जिले में इससे पूर्व ग्रेड-4, ग्रेड-3 और ग्रेड-7 में शिक्षकों को प्रोन्नति दी गई है। प्रोन्नति को लेकर कई शिक्षक अवकाश प्राप्त हो गए या तो इस दुनिया को छोड़कर चले गए। वर्तमान में पुनः मास्टर सूची जारी की गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।