हमें जीवन का प्रत्येक क्षण भारत माता को समर्पित कर देना चाहिए : चित्रा ताई
झारखंड प्रांत द्वारा आयोजित 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर धुर्वा, रांची में हुआ। शिविर में 225 सेविका बहनों ने भाग लिया और मुख्य वक्ता चित्रा ताई जोशी ने...

रांची, वरीय संवाददाता। राष्ट्र सेविका समिति, झारखंड प्रांत की ओर से सरस्वती शिशु विद्या मंदिर धुर्वा रांची में आयोजित 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। शिविर में झारखंड के 20 जिलों से पधारीं 225 सेविका बहनों ने भाग लिया। शिविर को अखिल भारतीय स्तर की वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सुनीता हल्देकर, चित्रा ताई जोशी एवं नीता बा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। क्षेत्र संपर्क प्रमुख पदमा देवी का निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहा। समारोह की मुख्य वक्ता अखिल भारतीय सह कार्यवाहिका चित्रा ताई जोशी ने कहा कि भारत माता हमारी प्राणशक्ति हैं। हमारी भौतिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक आवश्यकताओं की पूर्ति वह स्वयं करती हैं।
हमें अपने जीवन का प्रत्येक क्षण और प्रत्येक कर्म भारत माता के चरणों में समर्पित कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की वह पुण्यश्लोक रानी थीं। उन्होंने देश तीर्थों का जीर्णोद्धार कर राष्ट्र की सांस्कृतिक आत्मा को पुनर्जीवित किया। रानी दुर्गावती के बलिदान पर प्रकाश डाला। समारोह की मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक निर्मल कौर ने सेविकाओं के अनुशासन, ऊर्जस्विता और सेवाभाव की सराहना की। ऐसे शिविर राष्ट्र को कर्तव्यनिष्ठ, चरित्रवान और राष्ट्रभक्त नागरिक प्रदान करते हैं। आज के समापन समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से दो हजार से अधिक लोग उपस्थित थे। इनकी रही उपस्थिति राष्ट्र सेविका समिति की उषा सिंह प्रांत संचालिका, शारदा गुप्ता प्रांत कार्यवाहिका, डॉ त्रिपुला दास प्रांत सह कार्यवाहिका, निर्मला सिंह प्रांत संपर्क प्रमुख, पूनम सिंह, डॉ जिज्ञासा ओझा, शालिनी सचदेव, रीता सिंह, सुमन सिन्हा, गनिता झा, कुसुमलता सिंह, जय कुजूर, सुधा प्रजापति, अपर्णा सिंह की उपस्थिति रहीं। पूरे वर्ग में वर्गाधिकारी के रूप में जामवंती मिश्रा प्रांत बौद्धिक प्रमुख उपस्थित रहीं। इसके साथ ही इसमें मृदुल चौरसिया, सिद्धनाथ सिंह, सच्चिदानंद अग्रवाल, अशोक वास्तव, विजय घोष, सेवा भारती के गुरुशरण, अखिलेश मिश्र, गणेश मिश्र, आशा लकड़ा, आरती कुजूर, सत्यनारायण कंठ, स्निग्ध, सुनील, रांची विभाग कार्यवाह, अचल, भारतीय मजदूर संघ समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।