राजधानी का परिणाम फिर गिरा, टॉप 20 से भी बाहर
झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा मैट्रिक परीक्षा-2025 का परिणाम जारी किया गया। रांची जिले का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 2.36 प्रतिशत गिरकर 87.32 प्रतिशत रहा। रांची 21वें स्थान पर पहुंच गया, जबकि...

रांची, वरीय संवाददाता। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मंगलवार को मैट्रिक परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया गया। इसमें रांची जिले के परिणाम में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 2.36 प्रतिशत परिणाम गिरा है। इस वर्ष रांची जिला का परिणाम 87.32 प्रतिशत रहा। साल 2024 में 89.56 प्रतिशत परिणाम रहा था। रांची जिला इस बार प्रदेश के टॉप 20 जिलों की सूची से भी बाहर हो गया। पिछले साल 15वें स्थान पर था, जो इस बार फिसलकर 21वें स्थान पर पहुंच गया। राजधानी रांची के परिमाण में 2023 की तुलना में लगातार गिरावट आई है।
2023 में रांची जिला 11वें स्थान पर था। 2023 में रांची का परिणाम 95.57 प्रतिशत था। इस वर्ष उर्सुलाइन कॉन्वेंट छात्रा तहरीन फातमा 97.4 प्रतिशत के साथ सिटी टॉपर बनी। इनके पिता अब्दुल रहमान मेन रोड में कपड़े की फुटपाथ दुकान लगाते हैं। वहीं, बीएस हाई स्कूल गिंजो ठाकुरगांव के साकेत भगत 97.2 प्रतिशत के साथ सिटी में सेकेंड टॉपर रहे। तीसरा स्थान बालिक शिक्षा भवन हाई स्कूल लालपुर के छात्र पुनित कुमार महतो ने हासिल किया। उन्हें 97% अंक मिले हैं। इस सत्र में कुल 34978 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें 30544 सफल रहे। सफल होनेवाले छात्रों में 18716 प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। इनमें 11061 छात्राएं और 7653 छात्र शामिल हैं। द्वितीय श्रेणी में सफल होनेवालों में कुल 10940 विद्यार्थी शामिल रहे, जिनमें 5778 छात्र व 5167 छात्राएं हैं। इसी तरह तृतीय श्रेणी से 888 विद्यार्थी सफल रहे, जिनमें 550 छात्र व 338 छात्राएं हैं। छात्राएं फिर आगे रहीं पिछले वर्ष की तरह छात्राओं की सफलता का प्रतिशत इस वर्ष भी अधिक रहा। कुल 87.32 सफल विद्यार्थियों में 89.32 छात्राएं व 85.16 छात्र हैं। पिछले वर्ष कुल 89.68 प्रतिशत परिणाम रांची जिले का रहा था। इसमें 92.22 प्रतिशत छात्राएं और 86.73 छात्र सफल रहे थे। 2023 के आंकड़ों के अनुसार, कुल 95.33 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे थे। इसमें छात्राओं का पास प्रतिशत 95.72 व छात्रों का पास प्रतिशत 94.86 प्रतिशत रहा था। परीक्षा में शामिल होनेवाले छात्रों की घट रही संख्या मैट्रिक परीक्षा में शामिल होनेवाले कुल छात्रों की संख्या पिछले दो साल में लगातर घटी है। इस वर्ष कुल 35216 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें 34978 परीक्षा में शामिल हुए। 2024 में 35278 विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, जिसमें 34959 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसी तरह साल 2023 में मैट्रिक परीक्षार्थियों की संख्या सबसे अधिक थी। 36506 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें 36033 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। साल 2025 की स्थिति कुल रजिस्ट्रेशन - 35216 परीक्षा में शामिल - 34978 कुल पास होनेवाले - 30544 पास होनेवाले छात्र - 13981 पास होनेवाली छात्राएं - 16563 साल 2024 की स्थिति कुल रजिस्ट्रेशन - 35278 परीक्षा में शामिल - 34959 कुल पास होनेवाले - 31344 पास होनेवाले छात्र - 14010 पास होनेवाली छात्राएं - 17334
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।