भगवान राम और कृष्ण को नहीं मानते, तो सच्चे मुसलमान नहीं हो; BJP अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दावा
BJP about muslims: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने दावा किया है कि मुसलमान भगवान राम के वंशज हैं। इतना ही नहीं जमाल ने कहा कि अगर कोई मुसलमान भगवान राम या कृष्ण को नहीं मानता तो वह सच्चा मुसलमान ही नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने मुसलमानों को भगवान राम का वंशज बताया है। उन्होंने कहा कि सनातन, इस्लाम से बहुत पहले आया है, सनातन धर्म ने ही भारतीय सभ्यता की नींव रखी है। ऐसे में जो भी मुसलमान भगवान राम और कृष्ण को नहीं मानते उन्हें सच्चा मुसलमान नहीं माना जा सकता। इतना ही नहीं सिद्दीकी ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि मुसलमान भगवान राम के ही वंशज हैं।
इंडिया टुडे से बात करते हुए जमाल सिद्दीकी ने कहा कि भारतीय संस्कृति की में सनातन धर्म की जड़ें बहुत प्राचीन हैं। उन्होंने कहा, "सनातन धर्म इस्लाम से बहुत पहले से यहां पर मौजूद है। यह हमारी भारतीय सभ्यता की नींव है। इस्लामी शिक्षाएं भी साझा विरासत के विचारों का समर्थन करती हैं, जो कई पैगंबरों में विश्वास की और इशारा करती हैं।"
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रमुख ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा, “इस्लाम में हम कोई एक पैगम्बर को नहीं बल्कि कई पैगम्बरों को मानते हैं। कुरान में केवल 25 पैगम्बरों का उल्लेख है लेकिन हदीस और इस्लामी परंपरा कहती है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में करीब 1,24,000 पैगम्बर भेजे गए हैं। हम कैसे कह सकते हैं कि भगवान राम और कृष्ण उनमें से नहीं थे? वे हमारे अल्लाह के दूत हो सकते हैं।”
जमाल ने कहा, “दशकों पहले हमने अपनी पूजा-पद्धति और प्रार्थना करने का तरीका बदला है। हमारी संस्कृति हमारी विरासत आज भी सनातनी ही है। हम सभी भगवान राम के वंशज हैं।”