एक छुट्टी पर, दूसरी महिला डॉक्टर प्रशिक्षण में, दो गर्भवती महिला रेफर
साहिबगंज के सदर अस्पताल में सिर्फ दो महिला डॉक्टर हैं। एक छुट्टी पर है और दूसरी प्रशिक्षण में गई है, जिससे गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन ऑपरेशन के लिए रेफर किया गया। यह स्थिति गरीब मरीजों के लिए परेशानी...

साहिबगंज। सदर अस्पताल सिर्फ दो महिला डॉक्टर के भरोसे चल रहा है। ऐसे में अगर एक महिला डॉक्टर प्रशिक्षण या छुट्टी पर चली जाए तो खासकर गर्भवती महिलाओं की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसा ही मामला शनिवार को सामने आया। दरअसल, महिला डॉक्टर डॉ. श्रीजा कृष्णा इन दिनों छुट्टी पर हैं। डॉ. पूनम कुमारी प्रशिक्षण में गई हैं। इसके चलते प्रसूता का सिजर यानी ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है। शनिवार को दो गर्भवती महिला को रेफर कर दिया गया । इसके चलते गरीब तबके मरीज व परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, उधवा प्रखंड के श्रीघर के निताय मंडल की पत्नी रिंकी कुमारी(22) को प्रसव के लिए शनिवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था।
लेकिन ऑपरेशन के लिए एक भी महिला डॉक्टर नहीं रहने से उनको भी रेफर कर दिया गया । गर्भवती महिला दर्द से कहरा रही । इधर, संबंधित महिला की मां पुष्पा देवी ने बताया कि बाहर ले जाने के लिए उनके पास उतना पैसा नहीं है। इसके चलते परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने समय पर 108 एंबुलेंस नहीं मिलने का भी आरोप लगाया है। इधर, प्रभारी डीएस डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के लिए सिर्फ दो महिला डॉक्टर है। इसमें एक प्रशिक्षण में गई है। दूसरा छुट्टी पर है। महिला डॉक्टर के लौटने के बाद ही ऑपरेशन संभव हो सकेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।