MP में इन 13 सरकारी विभागों की अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
भारत-पाकिस्तान में सैन्य संघर्ष और देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को गृह और स्वास्थ्य एवं मेडिकल एजुकेशन सहित 13 विभागों के अधिकारियों की सभी तरह की आगामी छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

भारत-पाकिस्तान में सैन्य संघर्ष और देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने 13 विभागों में आगामी छुट्टियों पर रोक लगा दी है। शुक्रवार रात जारी आदेश में गृह और स्वास्थ्य एवं मेडिकल एजुकेशन सहित 13 विभागों के अधिकारियों की सभी तरह की आगामी छुट्टियां रद्द कर दी हैं। विशेष परिस्थितियों में विशेष अनुमति लेकर ही छुट्टी प्रदान की जा सकेंगी।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, "अभूतपूर्व स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने 13 विभागों में कार्यरत समस्त सरकारी अमले की सभी तरह की आगामी छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक रोक लगा दी है।"
ये विभाग हैं:- पब्लिक हेल्थ एंड मेडिकल एजुकेशन, गृह, ऊर्जा, शहरी विकास और हाउसिंग, पंचायत और रूरल डेवलपमेंट, पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग, फूड, सिविल सप्लाई एंड कंज्यूमर प्रोटेक्शन, पब्लिक वर्क्स, रेवेन्यू, जनरल एडमिनिस्ट्रेशन, जल संसाधन, नर्मदा घाटी विकास और ट्रांसपोर्ट,
इन विभागों के अधिकारियों को केवल असाधारण मामलों जैसे खराब स्वास्थ्य, परिवार में विवाह या मृत्यु पर जिला स्तर पर कलेक्टरों और राज्य स्तर पर सचिवों की अनुमति से छुट्टी दी जाएगी। इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। निर्देशित किया गया है कि इन सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपने मुख्यालयों पर उपस्थित रहें। इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए यहां एक उच्च स्तरीय बैठक की थी।
मोदी के नेतृत्व में भारत की युद्ध क्षमताएं बढ़ीं : मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सशस्त्र बलों ने देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए आवश्यक सभी क्षमताएं हासिल की हैं। दमोह जिले के बांदकपुर में तीर्थ स्थल जागेश्वर नाथ धाम में 10 करोड़ रुपये की लागत वाली पर्यटन विकास परियोजना का शिलान्यास करने के बाद वे मीडिया से बात कर रहे थे।
मोहन यादव ने कहा, "हमारे सशस्त्र बलों ने पिछले 10-11 वर्षों में हमारे दुश्मनों को जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी क्षमताएं हासिल की हैं और इसके लिए हमें प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहिए।