Maharashtra Vidhan Sabha Chunav Exit Poll Result 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। मतदान प्रक्रिया के बाद विभिन्न न्यूज चैनलों ने एग्जिट पोल के नतीजे जारी किए हैं, जिनमें ज्यादातर ने महायुति को बढ़त में दिखाया है। दूसरी ओर, महा विकास अघाड़ी (एमवीए) इस बार सरकार बनाने की दौड़ में पीछे नजर आ रही है। हालांकि, वास्तविक नतीजे जानने के लिए अब 23 नवंबर को होने वाली मतगणना का इंतजार करना होगा।
20 Nov 2024, 07:52:48 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: टाइम्स नाउ-जेवीसी एग्जिट पोल में महायुति की सरकार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए टाइम्स नाउ-जेवीसी एग्जिट पोल ने महायुति गठबंधन को आसान जीत का अनुमान लगाया है। महायुति को 150 से 167 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं (एमवीए) को 107 से 125 सीटों के बीच जीत मिल सकती है। इसके अलावा अन्य पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 13 से 14 सीटें मिल सकती हैं।
20 Nov 2024, 07:39:01 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: महाराष्ट्र चुनाव में बढ़ा मतदान प्रतिशत, भाजपा को होगा फायदा; बोले देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होते ही एग्जिट पोल की चर्चा शुरू हो गई है। डिप्टी सीएम और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बढ़े हुए मतदान प्रतिशत को अपनी पार्टी के लिए लाभकारी बताया है। फडणवीस ने कहा, "इस बार मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई है, और यह हमारे लिए फायदेमंद साबित होगा।" उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब एग्जिट पोल्स में एनडीए गठबंधन की जीत की भविष्यवाणी की जा रही है।
20 Nov 2024, 07:37:07 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: महाराष्ट्र कांग्रेस ने एग्जिट पोल को किया खारिज, MVA की जीत पर जताया भरोसा
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद जारी हुए एग्जिट पोल्स को कांग्रेस ने खारिज कर दिया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने इन अनुमानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस का भरोसा केवल वास्तविक नतीजों पर है, न कि पूर्वानुमानों पर। लोंढे ने कहा, "हम एग्जिट पोल्स पर कोई भरोसा नहीं करते। इनका कोई आधार नहीं है। हम इनका हिस्सा नहीं हैं। हमें केवल वास्तविक नतीजों पर ही विश्वास है।" उन्होंने भरोसा जताया कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को पर्याप्त सीटें मिलेंगी, जिससे महाराष्ट्र में आसानी से सरकार बनाई जा सकेगी।
20 Nov 2024, 07:34:29 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: लोकशाही मराठी-रुद्र एग्जिट पोल ने दिखाया महायुति और एमवीए के बीच कड़ी टक्कर
लोकशाही मराठी-रुद्र एग्जिट पोल ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में महायुति और एमवीए के बीच करीबी मुकाबले का अनुमान जताया है। ग्जिट पोल के अनुसार, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना, अजित पवार की एनसीपी और भाजपा से मिलकर बने महायुति गठबंधन को 128 से 142 सीटें मिलने की संभावना है। दूसरी ओर, कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), और शरद पवार की एनसीपी से बने एमवीए को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 18 से 23 सीटें मिलने की उम्मीद है।
20 Nov 2024, 07:22:23 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: पीमार्क एग्जिट पोल में महायुति और एमवीए के बीच कड़ा मुकाबला
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए पीमार्क एग्जिट पोल ने महायुति और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के बीच करीबी मुकाबले का संकेत दिया है। एग्जिट पोल के मुताबिक, महायुति को 288 सदस्यीय विधानसभा में 137 से 157 सीटें मिलने का अनुमान है। दूसरी ओर एमवीए गठबंधन को 126 से 146 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा, छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 2 से 8 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
20 Nov 2024, 07:02:26 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: चाणक्य एग्जिट पोल में महाराष्ट्र में महायुति और एमवीए के बीच कांटे की टक्कर
चाणक्य एग्जिट पोल के अनुसार, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को बढ़त मिलने की संभावना है। अनुमान लगाया गया है कि महायुति 288 सदस्यीय विधानसभा में 150 से 160 सीटें जीत सकती है। वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के लिए 130 से 138 सीटों का पूर्वानुमान है। चाणक्य के एग्जिट पोल में दोनों गठबंधनों के बीच करीबी मुकाबला देखने को मिल रहा। छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 6 से 8 सीटें मिलने की संभावना है।
20 Nov 2024, 06:56:22 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: महाराष्ट्र में महायुति को बढ़त का अनुमान, एमवीए पीछे; क्या कहता है मैट्रिज एग्जिट पोल
मैट्रिज एग्जिट पोल के ताजा अनुमानों के अनुसार, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, महायुति 288 सदस्यीय विधानसभा में 150 से 170 सीटों के साथ आगे रह सकती है। विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) को 110 से 130 सीटों पर सिमटने का अनुमान है, जो महायुति से काफी पीछे है। अन्य छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 8 से 10 सीटें मिलने की संभावना है। हालांकि, यह निर्दलीय उम्मीदवार और छोटे दल अंतिम परिणामों को प्रभावित कर सकते हैं, खासकर यदि मुकाबला कुछ सीटों पर बेहद करीबी रहा।
20 Nov 2024, 06:51:36 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: पीपल्स पल्स के एग्जिट पोल में महाराष्ट्र में महायुति की धमाकेदार जीत का अनुमान
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए पीपल्स पल्स के एग्जिट पोल के मुताबिक, सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना-एनसीपी गठबंधन महायुति ने राज्य में बड़ी जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। एग्जिट पोल के अनुसार, महायुति को 175 से 195 सीटें मिलने का अनुमान है, जो 288 सदस्यीय विधानसभा में 145 के बहुमत के आंकड़े से कहीं आगे है। वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) को 85 से 112 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जिससे वह महायुति से काफी पीछे रह सकता है। अन्य छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 7 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है।
20 Nov 2024, 06:30:45 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: सट्टा बाजार ने भाजपा के लिए 138 से 141 सीटों की जीत का अनुमान लगाया है
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के सट्टा बाजार ने भाजपा के लिए 138 से 141 सीटों की जीत का अनुमान लगाया है, जो 288 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए आवश्यक 145 सीटों से थोड़ा कम है। इससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा की अगुवाई वाली महायुति और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के बीच मुकाबला बेहद कड़ा होगा। स्थानीय सट्टा बाजारों के रुझान के अनुसार, भाजपा एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरने की उम्मीद कर रही है, हालांकि इसे बहुमत की संख्या तक पहुंचने के लिए और सीटों की जरूरत होगी। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि महाराष्ट्र में आगामी परिणामों के लिए संभावनाएं खुली हैं और चुनावी परिणामों का झुकाव किसी भी पक्ष की ओर हो सकता है।
20 Nov 2024, 06:07:52 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: आज शाम 6:30 बजे के बाद जारी होंगे एग्जिट पोल
2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल के परिणाम आज शाम 6:30 बजे के बाद जारी होने की संभावना है। मतदान का समय शाम 6 बजे तक समाप्त हो गया है, इसके बाद एग्जिट पोल के परिणाम मतदाताओं के रुझान और संभावित परिणामों की जानकारी देंगे। राजनीतिक दल और विश्लेषक इस डेटा का गहराई से अध्ययन करने के लिए तैयार हैं।
20 Nov 2024, 05:22:56 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: चुनाव अधिकारी को उम्मीद, मतदान के आखिरी घंटों में बढ़ेगा वोटिंग प्रतिशत
मुंबई में एक चुनाव अधिकारी ने मतदान के अंतिम घंटों में मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई। अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी किरण कुलकर्णी ने कहा, “दोपहर 1 बजे तक, अनुमानित मतदान प्रतिशत लगभग 32% है। ऐतिहासिक रुझानों के अनुसार, मतदान के अंतिम घंटों में मतदान प्रतिशत बढ़ जाता है। मुझे विश्वास है कि इस बार हम पिछली बार के प्रतिशत को पार कर जाएंगे... सभी मुद्दों को हमारी मशीनरी द्वारा सुलझा लिया गया था, और उन्हें नियमों के अनुसार उचित रूप से संबोधित किया गया था।”
20 Nov 2024, 04:47:00 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: महाराष्ट्र में चुनाव के बीच परली विधानसभा में हुई हिंसा
महाराष्ट्र के परली विधानसभा क्षेत्र में हिंसा की घटनाएं हुईं। परली के बैंक कॉलोनी इलाके में शरद पवार गुट के एनसीपी कार्यकर्ता माधव जाधव पर हमला हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसी दौरान एक मतदान केंद्र पर तोड़फोड़ भी की गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
20 Nov 2024, 04:44:15 PM IST
Maharashtra Exit Poll Live: एनसीपी नेता बोले- लोग परिवर्तन चाहते हैं
भोसारी विधानसभा सीट से एनसीपी-एससीपी उम्मीदवार अजीत गव्हाणे ने कहा, “बड़ी संख्या में लोग यहां वोट डालने आए हैं। भोसारी विधानसभा सीट पर परिवर्तन देखने को मिलेगा क्योंकि पिछले 10 वर्षों में किए गए कार्यों से लोग नाराज हैं। इसलिए, उन्होंने बदलाव का मन बना लिया है।”
20 Nov 2024, 04:25:18 PM IST
Maharashtra Election LIVE: महाराष्ट्र में वोटिंग के बीच गौरव मेहता के ठिकानों ED की छापेमारी
महाराष्ट्र चुनाव के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में गौरव मेहता के ठिकानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी कथित रूप से बिटकॉइन लेनदेन मामले से जुड़ी है। सूत्रों के अनुसार, ईडी गौरव मेहता और अन्य पर जनता से 2017 में लगभग 6,600 करोड़ रुपये के बिटकॉइन जुटाने के आरोपों की जांच कर रही है। इन लोगों पर बिटकॉइन में 10 प्रतिशत मासिक रिटर्न का झूठा वादा कर निवेशकों को ठगने का आरोप है।
20 Nov 2024, 01:42:28 PM IST
Maharashtra Election LIVE: उद्धव को बड़ा झटका, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशील शिंदे ने निर्दलीय का किया समर्थन
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे और उनकी बेटी प्रणीति शिंदे ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। सोलापुर दक्षिण सीट पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अपना उम्मीदवार उतारा था जो कांग्रेस के साथ महा विकास अघाड़ी गठबंधन का हिस्सा है। वोटिंग के बाद बूथ से बाहर निकल कर सुशील कुमार शिंदे ने कहा, “मेरा भरोसा है कि धर्मराज कड़ाड़ी एक अच्छे उम्मीदवार हैं और क्षेत्र के भविष्य के लिए ठीक रहेंगे।” कांग्रेस का मजबूत आधार होने के बावजूद वह इस सीट के उद्धव सेना में जाने से खफा थे।
20 Nov 2024, 01:33:01 PM IST
Maharashtra Election LIVE: श्रीकांत शिंदे ने विनोद तावड़े मामले पर विपक्षी दलों को घेरा
शिव सेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने विनोद तावड़े मामले में विपक्षी दलों पर फेक नेगेटिव चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि इससे पहले लोकसभा चुनाव में भी फेक नेगेटिव बनाने की कोशिश की थी और विधानसभा चुनाव में भी पार्टियां यही कर रही है। उन्होंने कहा, “तावड़े जी वहां मीटिंग के लिए गए थे। उनके खिलाफ प्लानिंग कर फेक नेगेटिव चलाया जा रहा है। लोग समझदार हैं। वह फेक नॉरेटिव को दरकिनार कर वोटिंग करेंगे।
20 Nov 2024, 11:54:33 AM IST
Maharashtra Election LIVE: मुख्यमंत्री शिंदे ने डाला वोट, कहा- 2019 में जो हुआ लोग भूले नहीं है
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मतदान किया है। इस दौरान उन्होंने लोगों से बढ़ चढ़ कर वोट देने की अपील की है। एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा है कि 2019 में लोगों ने महायुति को चुना था और लोग भूले नहीं है कि उस वक्त क्या हुआ था।
20 Nov 2024, 11:37:44 AM IST
Maharashtra Election LIVE: बीजेपी कर रही नोट और दारू जिहाद- नाना पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को चल रहे मतदान के दौरान वोट डाला है। उन्होंने बूथ से बाहर निकलकर मीडिया से कहा है कि राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व में महा विकास आघाड़ी की सरकार बनेगी। उन्होंने बीजेपी नेता विनोद तावड़े पर पैसे बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी लोगों को दारू और पैसा बांटकर नोट जिहाद कर रही हैं। इसी तरह ब्राह्मण जिहाद भी चल रहा है, वे भी खुलेआम बीजेपी को वोट देने की बात कर रहे हैं।
20 Nov 2024, 10:58:28 AM IST
Maharashtra Election LIVE: नितिन गडकरी ने महायुति को बहुमत मिलने का किया दावा
केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र के लोगों से वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा है कि इससे लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बीजेपी,शिवसेना और एनसीपी गठबंधन को बहुमत मिलने का दावा भी किया।
20 Nov 2024, 10:27:46 AM IST
Maharashtra Election LIVE: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने परिवार संग किया मतदान
महाराष्ट्र में चल रहे विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने परिवार संग अपना वोट डाला है। उन्होंने मतदान केंद्र से बाहर आकर अपनी पत्नी और बेटे संग स्याही दिखाकर तस्वीरें भी खिंचवाई हैं
20 Nov 2024, 10:19:53 AM IST
Maharashtra Election LIVE: जेनेलिया देशमुख ने डाला वोट, कहा: मतदान आपका अधिकार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में आज मतदान की प्रकिया जारी है। इस बीच प्रसिद्ध अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख भी वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा है कि वोट देना सबका अधिकार है गरीब अमीर का फर्क मिटाकर आज सबको मतदान करना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से वोट देने की अपील करते हुए कहा कि आपका एक वोट बड़े बदलाव ला सकता है।
20 Nov 2024, 08:59:01 AM IST
Maharashtra Election LIVE: महाराष्ट्र चुनाव के लिए सचिन ने भी डाले वोट
Maharashtra Election LIVE: वोट डालने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा, "मैं काफी समय से भारत के चुनाव आयोग का चेहरा रहा हूं। मैं जो संदेश दे रहा हूं, वह है वोट देना। यह हमारी ज़िम्मेदारी है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे बाहर आकर वोट करें।"
20 Nov 2024, 08:48:49 AM IST
बिटकॉइन घोटाले के आरोप पर सुप्रिया सुले का पलटवार, बोलीं- BJP से बहस को तैयार
बिटकॉइन में हेराफेरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि बीजेपी ने मुझसे पांच सवाल किए थे, जिनमें से पहला सवाल आरोपों के बारे में था। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपों में उनका कोई हाथ नहीं है और यह उनकी आवाज नहीं है। सुले ने कहा, "कल मैंने अपनी प्रतिक्रिया दी थी और बीजेपी के साथ किसी भी समय और कहीं भी बहस करने के लिए तैयार हूं। रविंद्रनाथ पाटिल खुद दो साल जेल में रहे हैं। मैंने पहले ही इन आरोपों के बारे में चुनाव आयोग और साइबर सेल को शिकायत दी है। मैंने पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से भी संपर्क किया और जांच और न्याय की मांग की है। उन्होंने मुझे न्याय का आश्वासन दिया है।"
20 Nov 2024, 08:32:34 AM IST
Maharashtra Election LIVE: शाइना एन.सी. ने भी किया मतदान
Maharashtra Election LIVE: शिवसेना नेता और मुंबादेवी सीट से उम्मीदवार शाइना एन.सी. ने कहा, "मैं हमारे मुंबई के लोगों से कहूंगी कि आप बाहर आएं और मतदान करें।क्योंकि अगर आप मतदान करते हैं तो आप सवाल कर सकते हैं, प्रश्न चिन्ह उठा सकते हैं। लेकिन जब तक हाथ पर ये निशान नहीं होगा आप कुछ नहीं कर सकते हैं। प्रजातंत्र और लोकतंत्र के इस पर्व में जरूर बाहर आएं और अपनी नैतिक जिम्मेदारी को निभाएं।"
20 Nov 2024, 08:27:47 AM IST
Maharashtra Election LIVE: अक्षय कुमार ने डाले वोट
Maharashtra Election LIVE: अभिनेता अक्षय कुमार ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान किया। उन्होंने कहा, "मतदान केंद्र पर बहुत अच्छा इंतजाम किया है। सफाई रखी हुई है, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की है।"
20 Nov 2024, 07:23:25 AM IST
बारामती के लोग मुझे जीत दिलाएंगे: अजित पवार
Maharashtra Election LIVE: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और बारामती विधानसभा क्षेत्र से NCP उम्मीदवार अजित पवार ने वोट डालने के बाद कहा, "लोकसभा के चुनाव के समय भी हमारे ही परिवार के दो लोग एक दूसरे के खिलाफ खड़े थे। वो चुनाव सब ने देखा है। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। मुझे विश्वास है कि बारामती के लोग मुझे जीत दिलाएंगे।"
20 Nov 2024, 07:21:52 AM IST
Maharashtra Election LIVE: महाराष्ट्र में शुरू हुई वोटिंग
Maharashtra Election LIVE: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम बड़े नेताओं ने राज्य के मतदाताओं से वोटिंग की अपील की है।
20 Nov 2024, 06:56:21 AM IST
Maharashtra Election LIVE: PM मोदी ने महाराष्ट्र के लोगों से की वोटिंग की अपील
Maharashtra Election LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के लोगों से वोटिंग की अपील करते हुए कहा, ‘आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। राज्य के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ इसका हिस्सा बनें और लोकतंत्र के उत्सव की रौनक बढ़ाएं। इस अवसर पर सभी युवा और महिला मतदाताओं से अपील है कि वे बढ़ चढ़कर वोट डालें।'
20 Nov 2024, 06:48:08 AM IST
Maharashtra Assembly Elections 2024 Exit Polls: क्या कह रहे विशेषज्ञ?
Maharashtra Assembly Elections 2024 Exit Polls: राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महाराष्ट्र की राजनीति में हर सीट की अहमियत है और एग्जिट पोल्स से केवल अनुमान ही लगाया जा सकता है, असल परिणाम मतगणना के बाद ही स्पष्ट होंगे। महाराष्ट्र का राजनीतिक परिदृश्य अत्यंत जटिल है और अंतिम परिणाम में कई बदलाव हो सकते हैं।
20 Nov 2024, 06:09:12 AM IST
Maharashtra Assembly Elections 2024 Exit Polls: महाराष्ट्र की सभी सीटों पर वोटिंग आज
Maharashtra Assembly Elections 2024 Exit Polls: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए आज वोटिंग होगी। इसके संपन्न होते ही एग्जिट पोल्स के नतीजे सामने आएंगे। राज्य की राजनीति की नजर इस पूर्वानुमान पर टिकी होगी। इस चुनाव में में महायुति (एनडीए) और महा विकास आघाड़ी (I.N.D.I.A.) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलने की संभावना है।