बहुत से लोगों को खो दिया... अहमदाबाद विमान हादसे पर क्या बोली सरकार; 242 लोग थे सवार
Ahmedabad plane crash: अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर विदेश मंत्रालय ने दुख जताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जयासवाल ने कहा कि इस हादसे में हमने बहुत से अपनों को गंवाया है। हमारी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं।

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में देश भर के लोगों को हिला कर रख दिया है। इस हादसे पर विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “अहमदाबाद में जो भी हुआ है वह बहुत ही ज्यादा दुखद दुर्घटना है। हमने बहुत से लोगों को खो दिया। हम उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। इनमें से कई विदेशी भी हैं। इससे संबंधित विभाग लगातार इस विषय में जानकारी उपलब्ध कराएंगे।”
इससे पहले विमान हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया। उन्होंने इस दु्र्घटना को शब्दों से परे और दिल को दहलाने वाला बताया। सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए पीएम ने लिखा, "अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं, जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।"
दूसरी तरफ गृहमंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद की तरफ निकल पड़े। वहीं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। उनके वहां पहुंचने के पहले पीएम मोदी ने उनसे फोन पर बात की और घटना की जानकारी ली। मंत्रालय के मुताबिक केंद्रीय मंत्री नायडू ने उन्हें पूरी जानकारी देते हुए अपनी यात्रा के बारे में भी बताया।
आपको बता दें अहमदाबादसे गैटविक ब्रिटेन के लिए जाने वाले विमान संख्या एआई 171 में 242 लोग सवार थे। दोपहर करीब 1:39 पर उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयानक था कि कई किलोमीटर दूर से इसका धुंआ देखा जा सकता था। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय रुपाणी भी इस विमान में सवार थे , फिलहाल उनके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।