मैतेई नेता की गिरफ्तारी से मणिपुर में उग्र हुए समर्थक, 5 जिलों में इंटरनेत बंद
इंटरनेट सेवाएं उस समय निलंबित की गईं जब शनिवार रात इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट में मैतेई संगठन अरामबाई तेंगगोल के एक नेता की गिरफ्तारी के विरोध में व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला।

मणिपुर सरकार ने शनिवार रात 11:45 बजे से पांच घाटी जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। यह कदम अरामबाई तेंगगोल समूह के एक मैतेई नेता की गिरफ्तारी के बाद भड़के आंदोलन को देखते हुए उठाया गया है। यह निलंबन इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में प्रभावी रहेगा।
गृह विभाग के आयुक्त-सह-सचिव एन. अशोक कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर सकते हैं, जिससे घृणा फैलाने वाले संदेश, भड़काऊ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो सकते हैं। इससे कानून व्यवस्था की स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है। इन्हीं बातों के ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।
आदेश में कहा गया, “वर्तमान कानून व्यवस्था की स्थिति विशेषकर इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में चिंताजनक है। ऐसी आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ संदेश प्रसारित कर सकते हैं, जिससे जनता की भावनाएं भड़क सकती हैं।” इसके साथ ही प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि यह आदेश एकतरफा रूप से जारी किया गया है ताकि आपात स्थिति में समय पर कार्रवाई की जा सके।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
सरकार ने चेतावनी दी है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इंटरनेट सेवाएं उस समय निलंबित की गईं जब शनिवार रात इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट में मैतेई संगठन अरामबाई तेंगगोल के एक नेता की गिरफ्तारी के विरोध में व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला।