delhi mausam heatwave continue yellow alert temperature cross 40 mark weather report 15 साल में दूसरी बार, अप्रैल में ही पड़ने लगे लू के थपेड़े; दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi mausam heatwave continue yellow alert temperature cross 40 mark weather report

15 साल में दूसरी बार, अप्रैल में ही पड़ने लगे लू के थपेड़े; दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार

Delhi Weather: राजधानी के लोगों के लिए अब झुलसाने वाली गर्मी की शुरुआत हो गई है। सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार चला गया और लू की स्थिति बन गई। राजधानी में वर्ष 2011 के बाद 2022 में आठ से 11 अप्रैल तक यानी चार दिन लू की स्थिति रही थी।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 8 April 2025 05:29 AM
share Share
Follow Us on
15 साल में दूसरी बार, अप्रैल में ही पड़ने लगे लू के थपेड़े; दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार

Delhi Weather: राजधानी के लोगों के लिए अब झुलसाने वाली गर्मी की शुरुआत हो गई है। सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार चला गया और लू की स्थिति बन गई। वहीं, आंकड़े बताते हैं कि बीते 15 साल में यह दूसरा मौका है, जब अप्रैल में ही दिल्ली के लोग लू का सामना कर रहे हैं। राजधानी में वर्ष 2011 के बाद 2022 में आठ से 11 अप्रैल तक यानी चार दिन लू की स्थिति रही थी।

दिल्ली में इस बार लोगों को असामान्य गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही निकलने वाली धूप के चलते पारा तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप निकली। ग्यारह बजे के बाद से ही लोगों को तपिश महसूस होने लगी। दोपहर के समय खासतौर पर खुले में काम करने वाले और दोपहिया वाहन चालकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

इस दौरान लोगों को लू के थपेड़ों का अहसास हुआ। इसके चलते दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा है। गर्मी बढ़ जाने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

पारा 40 डिग्री के पार जाने पर बनती है लू की स्थिति

मौसम विभाग की तकनीकी परिभाषा के मुताबिक, दिल्ली में अगर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर है और सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा है तो उसे लू की स्थिति माना जाता है। जबकि, सामान्य से साढ़े छह डिग्री ज्यादा तापमान होने पर उसे गंभीर लू की स्थिति (सीवियर हीट वेव) की स्थिति माना जाता है। इस मौसम में अभी तक कई बार अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री से ऊपर जा चुका है।

तीन मौसम केन्द्रों में लू

मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली में तीन स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही। सफदरजंग के अलावा रिज और आयानगर में भी पारा 40 डिग्री के पार चला गया। आयानगर में अधिकता तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस तो रिज मौसम केन्द्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।

दो दिन का येलो अलर्ट

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच दिल्ली में लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के आसार हैं।

कहां कितना रहा पारा

मौसम केन्द्र अधिकतम सामान्य

सफदरजंग 40.2 5.1

रिज 41.0 5.9

आयानगर 41.0 6.1

पश्चिमी विक्षोभ का असर

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस बार पश्चिमी विक्षोभ के असर से होने वाली बारिश बेहद कम हुई है। इसके चलते मौसम सूखा और गर्म है।