दिल्ली-NCR के लिए गुड न्यूज; पड़ेंगी राहत की फुहारें, क्या पलूशन से मिलेगी राहत?
Delhi Wether: दिल्ली में धूल की परत छाने से पलूशन बढ़ गया है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली वालों के लिए एक राहत भरी खबर दी है। क्या दिल्ली वालों को पलूशन से मिलेगी राहत या जारी रहेगी आफत...

दिल्ली में रात में धूल भरी आंधी चलने की वजह से पलूशन बढ़ गया है। दिल्ली में धूल की परत छाने से हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई। इसको लेकर राष्ट्रीय राजधानी में सियासत गर्म है। हालांकि मौसम विभाग ने दिल्ली वालों के लिए एक राहत वाली खबर दी है। मौसम विभाग ने 16 मई को दिल्ली में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे पलूशन से राहत मिलने के आसार हैं लेकिन यह तात्कालिक मौसमी परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगा।
मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। रात को हवा की गति में तेजी आ सकती है। यह 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल सकती है। IMD की मानें तो 16 मई को दिल्ली एनसीआर में मौसम बदल सकता है। शाम या रात में आंधी के साथ बारिश देखी जा सकती है। तूफानी हवा की स्पीड 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है जिसके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग की मानें तो 17 और 18 मई को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हवा की स्पीड 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। कभी-कभी यह 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 16 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री जबकि न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
वहीं 17 और 18 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 19, 20 और 21 मई को दिल्ली में बारिश नहीं होगी। इन तीनों ही दिन अधिकतम तापमान के 37 से 39 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान के 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर मौजूदा संकेत तो यही बता रहे हैं कि बारिश से दिल्ली वालों को पलूशन से राहत मिल सकती है।