दिल्ली में आज तेज आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, आगे 42 डिग्री तक जा सकता है तापमान
दिल्ली-NCR में अगले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है।

Delhi Rain: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ ही NCR में अगले 24 घंटे के दौरान तेज आंधी और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है। कल भी दिल्ली एनसीआर में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम खराब होने के दौरान हवा की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके बाद आगे 5 दिन तक मौसम की बेरुखी नजर आएगी। गर्मी का प्रकोप बढ़ता नजर आएगा और हफ्ते के अंत तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि यदि हफ्ते के शुरुआती दो दिनों के दौरान दिल्ली के साथ एनसीआर में आंधी और हल्की बारिश नहीं हुई तो अगले 5 दिन तक मौसम मुख्य रूप से सूखा नजर आ सकता है। 6 जून तक दिल्ली एनसीआर में छिटपुट बादल तो नजर आ सकते हैं लेकिन उसके बाद गर्मी बढ़ने के आसार हैं। हालांकि इससे पहले दो दिन तेज हवाएं चलेंगी।
IMD ने 7 से लेकर 10 जून तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इन चारो ही दिन आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो पांच जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
IMD ने 6 और 7 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 8 और 9 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। 10 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान के 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।