प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई: एडिशनल कमिश्नर
फरीदाबाद नगर निगम प्रॉपर्टी टैक्स समय पर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतेगा। एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने बकाया टैक्स की जल्दी वसूली पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लापरवाह अधिकारियों पर भी...

फरीदाबाद। प्रॉपर्टी टैक्स समय पर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नगर निगम अब सख्ती बरतेगा। एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने साफ कहा कि बकाया टैक्स जल्द जमा नहीं कराया गया तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई तय है। वह शुक्रवार को क्षेत्रीय कर अधिकारियों और कर विभाग के सभी चेकर्स व मेकर्स के साथ समीक्षा बैठक ले रही थी। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकायेदारों से जल्द से जल्द बकाया टैक्स की रिकवरी कर निगम खाते में जमा कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो अधिकारी अपने कार्य में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सलोनी शर्मा ने कहा कि निगम द्वारा लाल डोरा प्रॉपर्टी के लिए चलाई जा रही योजना में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने बताया कि जो लोग अपनी लाल डोरा, आबादी क्षेत्र की संपत्ति के दस्तावेज निगम कार्यालय में जमा कराएंगे, उन्हें सिर्फ एक रुपए में रजिस्ट्री की सुविधा दी जाएगी। इससे उन्हें मालिकाना हक मिलेगा और वे सरकार की अन्य योजनाओं का भी लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन सभी क्षेत्रीय अधिकारी सुनिश्चित करें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की इस योजना को हर हाल में सफल बनाया जाए। बैठक में उन्होंने प्रॉपर्टी आईडी बनाने में किसी प्रकार की गलती न होने देने के निर्देश भी दिए ताकि आम लोगों को निगम के चक्कर न लगाने पड़ें। एडिशनल कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम को मिलने वाला टैक्स सीधे शहर के विकास में खर्च किया जाता है, इसलिए यह जरूरी है कि लोग समय पर टैक्स जमा करें और योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने सेल्फ सर्टिफिकेशन के कार्य को भी तेजी से पूरा कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।