New Drainage System and Interlocking Tiles Planned for DLF Ankur Vihar डीएलएफ अंकुर विहार में नाले का निर्माण कर टाइल्स बिछाई जाएंगी , Ghaziabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsNew Drainage System and Interlocking Tiles Planned for DLF Ankur Vihar

डीएलएफ अंकुर विहार में नाले का निर्माण कर टाइल्स बिछाई जाएंगी

डीएलएफ अंकुर विहार में पानी निकासी की समस्या से राहत के लिए नाले का निर्माण किया जाएगा। 30 हजार की जनसंख्या को लाभ होगा। जीडीए ने 2.63 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। सड़कों...

Newswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबादFri, 13 June 2025 06:11 PM
share Share
Follow Us on
डीएलएफ अंकुर विहार में नाले का निर्माण कर टाइल्स बिछाई जाएंगी

ट्रांस हिंडन। डीएलएफ अंकुर विहार के लोगों को पानी निकासी की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाले का निर्माण किया जाएगा। साथ ही साइड पटरी वाली जगह पर इंटरलॉकिंग टाइलें भी बिछाई जाएंगी। इस काम के पूरा होने से 30 हजार की आबादी को राहत मिलेगी। डीएलएफ अंकुर विहार में करीब 30 हजार लोग रहते हैं। एमएम (मध्य मार्ग) रोड इस कॉलोनी का मुख्य मार्ग है। यह मार्ग लंबे समय से खराब था, जिसे कुछ समय पहले ही जीडीए ने बनवाया था। सड़क के एक किनारे नाला बनाया गया था। बढ़ती आबादी को देखते हुए सड़क के दूसरे ओर भी नाला निर्माण की योजना बनी है।

नाला बनाने के साथ ही सड़क और नाले के बीच साइड पटरी मार्ग पर टाइलें बिछाने का काम भी कराया जाएगा। टाइल बिछाने से आवाजाही सुगम होगी और सड़क जल्दी क्षतिग्रस्त भी नहीं होगी। जीडीए ने करीब 2.63 करोड़ रुपये की इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले सप्ताह टेंडर खुलेंगे, जिसके बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा। लोगों को बड़ी राहत मिलेगी लोनी नगर पालिका परिषद के वार्ड 33 में पड़ने वाले इस क्षेत्र में बड़ी आबादी रहती है। विकासकर्ता के फ्लैट बेचने के बाद यहां लंबे समय तक कार्य न होने से सड़कें व नाले बदहाल स्थिति में पहुंच गए थे। इस कारण लोगों को परेशानी होती थी। सभासद राम निवास त्रिपाठी ने बताया कि जीडीए ने यहां बदहाल एमएम रोड की मरम्मत कराई थी। साथ ही एक ओर नाला भी बनवाया था। इससे सड़क के एक ओर रह रहे लोगों को राहत तो मिल गई, लेकिन दूसरी ओर जलभराव की आशंका बनी हुई थी। अब दूसरी ओर भी नाला बनने से लोगों को पड़ी राहत मिलेगी। एक किलोमीटर लंबा नाला बनेगा स्थानीय निवासी विजय मिश्रा ने बताया कि डीएलएफ अंकुर विहार का मुख्य मार्ग करीब एक किलोमीटर लंबा है। पूरे रोड के साथ नाले का निर्माण किया जाएगा। सीसी नाला बनने से लोगों को लंबे समय तक पानी की निकासी की समस्या नहीं होगी। जीडीए के मुताबिक जून के अंत या जुलाई के पहले सप्ताह में कार्य शुरू हो जाएगा। कार्य पूरा करने की अवधि छह माह है। यानी अगले साल की शुरुआत में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। डीएलएफ अंकुर विहार में मुख्य मार्ग के साथ नाला निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल बिछाई जाएंगी। लगभग 2.63 करोड़ रुपये की योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसे पूरा कर जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा। -लवकेश कुमार, अधिशासी अभियंता, जीडीए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।