लंबे रूट पर बसें न चलने से यात्री परेशान रहे
गुरुग्राम में गुरुवार को रोडवेज की सौ से अधिक बसें लंबे रूटों पर नहीं चलीं, जिससे यात्रियों को घंटों बस स्टैंड पर खड़े रहना पड़ा। शुक्रवार को भी बसें बंद रहेंगी क्योंकि रोहतक में परशुराम जयंती के...

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। मिलेनियम सिटी में गुरुवार को रोडवेज की सौ से अधिक बसें लंबे रूटों पर नहीं चली। इस कारण रोडवेज यात्रियों को घंटो बस स्टैंड पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ा। शुक्रवार को भी रोडवेज की बसें लंबे रूटों के लिए बंद रहेंगी। बता दें कि 30 मई शुक्रवार को रोहतक पहरावर में परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री की रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में लोगों को ले जाने के लिए रोडवेज की बसों को लगाया गया है। इसके लिए सभी जिलों की रोडवेज बसों को यात्रियों की सुविधाओं से हटाकर रैली में जाने वाले लोगों की सुविधा में लगा दी है।
इस कारण गुरुवार को सुबह से ही चंडीगढ, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, पंचकूला, आगरा, जयपुर, खाटूश्याम, जम्मू, लुधियाना, अंबाला, हरिद्वार जाने वाली बसों के रूटों को बंद रखा गया। घंटों बसों के इंतजार में खड़े रहे यात्री रोडवेज की तरफ से बसों का संचालन बंद करने से हजारों यात्रियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही बस स्टैंड पर यात्रियों को भीड़ लग गई थी, लेकिन बसों का रूटों पर संचालन नहीं होने के कारण यात्रियों को घंटो बस स्टैंड पर ही खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। इंतजार करने के बाद भी जब बसें नहीं मिली तो लोगों को डग्गामार वाहनों के सहारे अपने गंतव्य पर निकलने को मजबूर होना पड़ा। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को भी इन रूटों पर बसों का संचालन नहीं होगा। शनिवार से सभी बसें अपने निर्धारित रूटों पर चलेंगी। रोडवेज यूनियन ने जताया विरोध हरियाणा रोडवेज यूनियन के डिपो प्रधान संदीप दलाल ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों में हरियाणा रोडवेज बसों का दुरुपयोग बंद होना चाहिए। प्रधान ने कहा कि रोहतक के पास पहरावर गांव में हरियाणा सरकार की तरफ़ से परशुराम जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमे पूरे प्रदेश के डिपो से हरियाणा रोडवेज की बसों को मंगवाया गया है। कई डिपो में तो अनेक बसों को मार्ग संचालन से 29 मई से ही समारोह से एक दिन पहले ही बंद कर दिया गया है। जिसकी कोई भी पूर्व सूचना हरियाणा की जनता या रोज़ यात्रा कर रहे यात्रियों को नहीं दी गई थी, इससे जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन शायद सरकार को जनता की परेशानी सिर्फ़ चुनाव के समय दिखाई देती हैं और बाद में ख़ुद सरकार की नीतियों से ही जनता परेशान रहती हैं। सरकार का कार्य जनता को सुविधा प्रदान करना है, राज्य परिवहन विभाग को एक तरफ तो सरकार घाटे में दिखाती रहती है और दूसरी तरफ़ सरकार के सभी कार्यकर्मो में राज्य परिवहन की बसों का धड़ले से दुरुपयोग किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।