Gurugram Police Bust Stock Trading Fraud Gang on WhatsApp Arrest Two ठगी करने वाले दो आरोपी यमुनानगर से गिरफ्तार, Gurgaon Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsGurugram Police Bust Stock Trading Fraud Gang on WhatsApp Arrest Two

ठगी करने वाले दो आरोपी यमुनानगर से गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए स्टॉक ट्रेडिंग में ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो...

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांवSat, 7 June 2025 11:21 PM
share Share
Follow Us on
ठगी करने वाले दो आरोपी यमुनानगर से गिरफ्तार

गुरुग्राम, प्रमुख संवाददाता। व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए स्टॉक ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ गुरुग्राम पुलिस ने किया है। गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बता दे कि 26 मई 2025 को साइबर अपराध दक्षिण पुलिस को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसे व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया गया और धोखाधड़ी से ठगी की गई। शिकायत के आधार पर साइबर अपराध दक्षिण थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त साइबर प्रियांशु दिवान के नेतृत्व में निरीक्षक नवीन कुमार और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच जून 2025 को यमुनानगर से दो आरोपियों को सफलतापूर्वक काबू किया। आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय आशीष कुमार निवासी भाटिया नगर, यमुनानगर और 20 वर्षीय चिराग निवासी गांव खेरी लख्खा सिंह, यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच और आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि इस ठगी गई राशि में से 2 लाख 99 हजार 957 रुपये आशीष कुमार और चिराग के संयुक्त बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने यह बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को 50 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी आशीष यमुनानगर में फर्नीचर की दुकान चलाता है, जबकि चिराग की कपड़े की दुकान है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जो ठगी की वारदात में इस्तेमाल किए गए थे। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।