पांच दिन झुलसाएगी गर्मी, तीन दिन चलेगी लू
गुरुग्राम में प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। 24 से 26 अप्रैल तक लू (हीट वेव) की स्थिति की संभावना है, जिसके चलते येलो...

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। क्षेत्र में पड़ रही प्रचंड गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन यह गर्मी और भी झुलसाएगी। अगले पांच दिन में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। इस दौरान शहर का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से पार होने के साथ गर्म हवाएं चलने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। मौसम विभाग ने 24 से 26 अप्रैल तक लू (हीट वेव) की स्थिति बनने की आशंका जताई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। येलो अलर्ट का मतलब होता है कि इन तीन दिन में गर्म हवाएं चलेंगी, इसलिए लोगों को इससे बचने की जरुरत है। इसलिए विभाग की तरफ से पहले ही येलो अलर्ट जारी करके चेतावनी जारी की जाती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में सूरज की तेज किरणों और लू के थपेड़ों ने तपिश को और ज्यादा बढ़ा दिया। तेज धूप के कारण दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल, कालेज और दफ्तर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में लू लगने का खतरा अधिक होता है, ऐसे में सतर्कता जरूरी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वह गर्मी के असर से बचने के लिए सावधानी बरतें और जरूरी नहीं हो तो दिन के समय बाहर निकलने से बचें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।