गुरुग्राम में 2 साल के अंदर 38 अवैध कॉलोनियां हुईं नियमित, क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने बीते 19 माह में गुरुग्राम की 38 अवैध कॉलोनियों को नियमित किया है। सरकार द्वारा नियमित की गई कॉलोनियों में अब गुरुग्राम नगर निगम की तरफ से लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने बीते 19 माह में गुरुग्राम की 38 अवैध कॉलोनियों को नियमित किया है। सरकार द्वारा नियमित की गई कॉलोनियों में अब गुरुग्राम नगर निगम की तरफ से लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।बता दें कि नगर निगम ने 2022 में शहर की 103 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए सर्वे रिपोर्ट शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजी थी। 103 में से नगर निगम की 38 कॉलोनियां नियमित हो चुकी हैं। इन कॉलोनियों में रहने वाले छह लाख से अधिक लोगों को इससे बड़ी राहत मिली है। अब इन कॉलोनियों में निगम की तरफ से सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसको लेकर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब इन कॉलोनियों में निगम की तरफ से सीवर लाइन, पानी की लाइन, सड़क और स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम किया जाएगा।
अवैध कॉलोनियों में लोगों को नहीं मिल रही थी सुविधाएं : स्थानीय निवासियों के अनुसार वर्षों से यह कॉलोनियां अवैध श्रेणी में थीं, जिस कारण न तो निगम द्वारा कोई विकास कार्य कराया जा सकता था और ना ही लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले पा रहे थे। सीवर, नालियां, जल निकासी, और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को कई तरह की भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सरकार के इस निर्णय के बाद अब नगर निगम यहां विकास कार्यों की योजना बना सकेगा। इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को अब साफ-सुथरी सड़कें, नियमित जलापूर्ति, सीवर प्रणाली और सार्वजनिक रोशनी जैसी आवश्यक सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ हो गया है। स्थानीय पार्षद और सामाजिक संगठनों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह फैसला आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अधिसूचना के लागू होने के बाद अन्य अनियमित कालोनियों को भी वैधता मिलने की उम्मीद जगी है।
निगम ने 50 करोड़ का एस्टीमेट तैयार किया : नगर निगम द्वारा नियमित हुई 38 में से 15 कॉलोनियों में विकास कार्य करवाने के लिए करीब 50 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। अक्टूबर 2023 में नियमित हुई कॉलोनियों में निगम ने छह से ज्यादा कॉलोनियों में तो सीवर लाइन, सड़क और पानी की लाइन डालने के काम भी पूरे करवा दिए हैं। इसके अलावा बाद में जो कॉलोनियां नियमित हुई है उन कॉलोनियों में भी निगम की तरफ से अब लोगों की मांग के अनुसार एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं।
लोगों को विकास शुल्क जमा करना होगा
नियमित की गई इन कॉलोनियों के निवासियों को नगर निगम में पहले डेवलपमेंट चार्ज जमा करवाना होगा। इसकी एवज में उनको वहां पर मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। अब नगर निगम में कॉलोनी में विकास कार्य करवाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करेगा और टेंडर प्रक्रिया कर सुविधा देने का कार्य शुरू करेगा।
कब-कब वैध हुई कॉलोनियां
दिनांक | कॉलोनियां |
---|---|
06 अक्टूबर 2023 | 13 |
06 मार्च 2024 | 07 |
12 अप्रैल 2024 | 01 |
17 मार्च 2025 | 12 |
22 मई 2025 | 05 |
विजय ढाका, चीफ इंजीनियर, गुरुग्राम नगर निगम, ''नियमित हुई कॉलोनियों में लोगों की मांग के अनुसार लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जो नई कॉलोनियां फिलहाल में नियमित हुई हैं उनके एस्टीमेट भी जल्द तैयार करके लोगों को मूलभूत सुविधांए उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसको लेकर सभी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जो कॉलोनियां पहले नियमित हुई थीं, उनमें कई कॉलोनियों में काम करवाए जा चुक हैं तो कुछ में विकास कार्य चल रहे हैं।''