दिल्ली में 10 साल से क्या मिसिंग था, BJP सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया
27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी भाजपा सरकार ने अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यदि इस 100 दिन को एक लाइन में कहें तो यह काम करने वाली सरकार है। फुल टाइम मुख्यमंत्री है और पूरी तरह से सक्रिय कैबिनेट है।

27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी भाजपा सरकार ने अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यदि इस 100 दिन को एक लाइन में कहें तो यह काम करने वाली सरकार है। फुल टाइम मुख्यमंत्री है और पूरी तरह से सक्रिय कैबिनेट है। अब कोई बहानेबाजी नहीं चल रही, अब कोई गाली-गलौज नहीं चल रहा। अब कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं चल रहा। सचिवालय खुला हुआ है। दफ्तर में मंत्री और मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं।
मंभी ने कहा कि 100 दिन में ही दिल्ली की दिशा लोगों के समझ में आ गई है। लोग भी कह रहे हैं कि यह सरकार काम कर रही है और जनता के बीच है। और यही लगभग 10 साल से दिल्ली के अंदर मिसिंग था। यह काम करने वाली सरकार है और सेवारत है। जनता ने आशीर्वाद दिया था काम करने का। जिन्हें जो जिम्मेदारियां दी गई हैं, वे अपना काम शुरू कर चुके हैं।
कपिल मिश्रा ने कहा कि जो भी चीजें रुकी हुईं थीं, वह शुरू हो गई हैं। जैसे आयुष्मान योजना, वय वंदन योजना, ये सब रुका पड़ा था। अब ये योजनाएं चल पड़ी हैं। ईवी बसें बंद पड़ी थीं, आज चलनी शुरू हो गईं हैं। इसके अलावा नई योजनाएं आ रही हैं। जैसे श्रमिकों का वेतन, महिला मजदूरों के लिए पालना स्कीम आदि। सड़कों के गड्ढे ठीक किए जा रहे हैं। नालों की सफाई पहली बार हो रही है। यमुना की सफाई पहली बार हो रही है। मंत्री ने कहा कि दिल्ली बदलना शुरू हो चुकी है। लोगों के अंदर एक उम्मीद है और सरकार अपने काम में लगी हुई है। 100 दिन का यही मेन मैसेज है।
आम आदमी पार्टी के आरोपों पर कपिल मिश्रा ने कहा कि उनके पास अब कहने को कुछ भी नहीं है। जब सरकार में थे तब भी रो रहे थे और अब विपक्ष में हैं तब भी रो रहे हैं। महिला समृद्धि योजना पर मंत्री ने कहा कि दो मीटिंग हो चुकी है। 5100 करोड़ रुपए का बजट भी रखा गया है। मुख्यमंत्री इसको लेकर संकल्पित हैं। यह योजना इसी वित्त वर्ष से लागू होगा।