खेल : ट्रैक एथलीटों के सामने ‘दोहरे अंक में स्वर्ण जीतने की कड़ी चुनौती
एशियाई एथलेटिक्स ट्रैक एथलीटों के सामने ‘दोहरे अंक में स्वर्ण जीतने की कड़ी चुनौती

एशियाई एथलेटिक्स ट्रैक एथलीटों के सामने ‘दोहरे अंक में स्वर्ण जीतने की कड़ी चुनौती -भारत ने पिछले सत्र में बैंकॉक में छह स्वर्ण, 12 रजत और नौ कांस्य सहित 27 पदक जीते थे -नीरज चोपड़ा यह वार्षिक प्रतियोगिता छोड़कर डायमंड लीग सीरीज की तैयारियों में जुटे हैं गुमी (दक्षिण कोरिया), एजेंसी। दिग्गज एथलीट नीरज चोपड़ा की गैर-मौजूदगी में 59 सदस्यीय भारतीय दल मंगलवार से यहां शुरू हो रही 26वीं एशियाई एथलेटिक्स में दोहरे अंकों में स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करेगा। इसमें चीन और जापान के नाम सबसे ज्यादा पदक है। भारत सर्वकालिक सूची में तीसरे स्थान पर है। बैंकॉक में पिछले सत्र में भारत ने संयुक्त रूप से अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण, 12 रजत और नौ कांस्य सहित 27 पदक जीते थे।
अब उसके सामने उस प्रदर्शन को बेहतर करने की कड़ी चुनौती होगी। प्रतियोगिता में 43 देशों के करीब 2000 एथलीट भाग लेंगे। सचिन-यशवीर से उम्मीद : चोपड़ा ने फिर इस द्विवार्षिक प्रतियोगिता को छोड़कर डायमंड लीग सीरीज पर ध्यान लगाने का फैसला किया है। अब भाला फेंक स्पर्धा में भारतीय चुनौती की कमान अपेक्षाकृत कम अनुभव वाले सचिन यादव और यशवीर सिंह संभालेंगे। ऐसे में पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम भाला फेंक प्रतियोगिता में शीर्ष खिलाड़ी होंगे। पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल में मंगलवार को पहली पदक स्पर्धा होगी। इसमें 25 साल के सेरविन सेबेस्टियन और 21 साल के अमित भारतीय चुनौती पेश करेंगे। सेबेस्टियन ने उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों में एक घंटे 21.23 मिनट के समय से स्वर्ण जीता था जबकि अमित ने अप्रैल में इंडियन ओपन रेस वाकिंग में एक घंटे 21.47 मिनट के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। अन्नू रानी भी दावेदार : महिलाओं की भाला फेंक में भारत के पास दूसरा पदक जीतने का मौका होगा। एशियाई खेलों की चैंपियन अन्नू रानी मजबूत उम्मीद होंगी। इस 32 वर्षीय खिलाड़ी ने मुंबई में मार्च में 58.82 मीटर का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। यह हालांकि उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से काफी कम है जो उन्होंने 2022 में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के रूप में 63.82 मीटर फेंककर बनाया था। भारत के 400 मीटर के धावकों को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए प्रारंभिक दौर में कड़ी मेहनत करनी होगी। रूपल चौधरी, विथ्या रामराज (दोनों महिलाएं), जय कुमार और विशाल टीके (दोनों पुरुष) 400 मीटर हीट में भाग लेंगे। लंबी दूरी के धावक 26 वर्षीय गुलवीर 10,000 मीटर दौड़ में भाग लेंगे। इसके साथ ही अनुभवी अविनाश साबले (पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज) के साथ ज्योति याराजी (100 मीटर बाधा दौड़) और पारुल चौधरी (महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज) जैसे उभरते सितारों पर भी सबकी निगाहें रहेंगी। प्रवीण चित्रावेल और अब्दुल्ला अबूबकर के पास पुरुषों की त्रिकूद स्पर्धा में पदक जीतने का अच्छा मौका है। अबूबकर मौजूदा चैंपियन हैं। चित्रावेल ने अप्रैल में एक घरेलू प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ 17.37 मीटर का रिकॉर्ड बनाया। इससे उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।