Congress Condemns Stopping Rahul Gandhi s Dialogue with Dalit Students as Tyranny राहुल को बिहार में दलित छात्रों से संवाद करने से रोकने पर भड़की कांग्रेस, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsCongress Condemns Stopping Rahul Gandhi s Dialogue with Dalit Students as Tyranny

राहुल को बिहार में दलित छात्रों से संवाद करने से रोकने पर भड़की कांग्रेस

कांग्रेस ने दरभंगा में दलित छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम को रोकने को तानाशाही कहा है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूछा कि क्या संविधान के खिलाफ है दलितों से बातचीत करना। प्रियंका गांधी...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 15 May 2025 05:57 PM
share Share
Follow Us on
राहुल को बिहार में दलित छात्रों से संवाद करने से रोकने पर भड़की कांग्रेस

- खरगे का सवाल-क्या संविधान के खिलाफ है दलित, वंचित, पिछड़े वर्ग के छात्रों से संवाद करना - प्रियंका गांधी वाड्रा बोली, बिहार की जनता यह तानाशाही कतई बर्दाश्त नहीं करेगी नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के दरभंगा में दलित छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम रोकने को तानाशाही की पराकाष्ठा करार दिया है। पार्टी का कहना है कि संवाद कार्यक्रम को रोकना बेहद शर्मनाक, निंदनीय और कायराना है। पार्टी का कहना है कि वह सामाजिक न्याय की अपनी लड़ाई जारी रखेगी। इसके लिए हर चुनौती का मुकाबला करने के लिए तैयार है। पार्टी ने दावा किया है कि भाजपा और एनडीए की ओछी राजनीति का नाकाम होना लाजिमी है।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स पर पोस्ट कर कहा कि क्या दलित, वंचित, पिछड़े वर्ग के छात्रों से संवाद करना संविधान के खिलाफ है। क्या उनकी शिक्षा, भर्ती परीक्षा और नौकरियों पर बात करना पाप है। दरभंगा में राहुल गांधी का कार्यक्रम रोकना तानाशाही की पराकाष्ठा है। लोकतंत्र की जन्मस्थली बिहार इस अन्याय को याद रखेगी और समय आने पर जद(यू)-भाजपा की गठबंधन सरकार को इसका उचित जवाब देगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि दरभंगा के आंबेडकर हॉस्टल में शिक्षा न्याय संवाद कार्यक्रम रोकना बेहद शर्मनाक, निंदनीय और कायराना है। तानाशाही पर उतारू बिहार सरकार को यह बताना चाहिए कि बिहार में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जाना गलत है या दलितों, पिछड़ों, वंचितों और गरीबों की आवाज उठाना गलत है। उन्होंने कहा कि न्याय की धरती बिहार की जनता यह बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि जब भी सामाजिक न्याय की बात होगी तो बिहार का नाम लिया जाएगा। राहुल गांधी ने गुरुवार को जो साहस दिखाया है वह भगवान बुद्ध, बाबू जगजीवन राम और कर्पूरी ठाकुर से प्रेरित होकर दिखाया है। उन्होंने कहा कि जब तथाकथित सामाजिक न्याय के हितैषी सत्ता का दुरुपयोग करते हैं और राहुल गांधी को रोकने का षड्यंत्र करते हैं तब जनता को समझ में आ जाता है कि निजी संस्थानों में आरक्षण और आरक्षण की 50 फीसदी सीमा को बढ़ाने के प्रस्ताव को रोक रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।