सौ दिन की नाकामी छुपाने का प्रयास कर रही है सरकार: प्रदेश कांग्रेस
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि यमुना में क्रूज चलाने का दावा कर दिल्ली में भाजपा सरकार अपने सौ दिन की नाकामी छुपाने का प्रयास कर रही है। सत्ता में आते ही भाजपा ने मार्च, 2025 में यमुना में सोनिया विहार से जगतपुर तक 4 किलोमीटर क्रूज चलाने की योजना का ऐलान किया था, जिसका प्रस्ताव सरकार की निष्क्रियता के कारण 3 महीने आगे बढ़ गया है। प्रदूषित और गंदी यमुना में पर्यटन को बढ़ावा देकर क्रूज चलाने का ख्वाब दिखाना वैसा ही लगता है जैसे अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली को लदंन और पेरिस बनाने का दावा किया था।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार को इवेंट बेस न बनाकर व्यवस्थित और बदहाल दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर ध्यान दें, तो दिल्ली और दिल्ली वालों के लिए बेहतर होगा। कांग्रेस दिल्ली सरकार द्वारा यमुना में क्रूज चलाने का विरोध नही करती, लेकिन क्या प्रदूषित और गंदी यमुना में क्रूज पर सैर करने वाले पर्यटक स्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण कमेटी की पिछले महीनों की रिपोर्ट के अनुसार कुल 37 सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में से 26 एसटीपी मानक तौर पर काम ही नही कर रहे है सिर्फ 11 ही मानकों के अनुसार काम कर रहे है, जिसके कारण यमुना में अत्यधिक गंदा पानी गिर रहा है। इसका केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने आडिट कराने का निर्णय भी लिया है, जो सरकार की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है। देवेन्द्र यादव ने कहा कि एनजीटी के निर्देश पर 2015 में 18 एसटीपी अपग्रेडेशन का कार्य शुरु किया था, जो 2017 में पूरा होना था, लेकिन अभी तक पूरा नही हुआ है। भाजपा और आम आदमी पार्टी की लापरवाही के कारण लोग वायु और जल प्रदूषण से प्रभावित हो रहे है। वजीराबाद से औखला बैराज तक 22 किलोमीटर की यमुना में गंदा, जहरीला और प्रदूषित पानी बहता है जिसका बड़ा कारण नालों से सीधा गंदा, औद्योगिक, केमिकल और मानव अवशेष वाला पानी यमुना में गिरना है। दिल्ली में प्रतिदिन 792 एमजीडी सीवेज निकलता है जिसमें सिर्फ 640 एमजीडी उपचारित होता है, जिसकी गुणवत्ता पर एनजीटी ने पहले ही प्रश्न चिन्ह लगाया है। और बाकी 171 एमजीडी सीवर सीधा यमुना में गिरता है जो दिल्ली वालों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।