खेल : गुलवीर दस हजार मीटर में एशियाई चैंपियन बने
गुलवीर सिंह ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 28 मिनट 38.63 सेकंड का समय लिया। सर्विन सेबेस्टियन ने 20 किमी पैदल चाल में कांस्य पदक...

एशियाई एथलेटिक्स गुमी (दक्षिण कोरिया), एजेंसी। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर सिंह मंगलवार को एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में चैंपियन बने। इससे पहले सर्विन सेबेस्टियन ने 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में कांसे के साथ भारत का खाता खोला। अब तक भारतीय खिलाड़ी दो पदक जीत चुके हैं। एशियाई खेलों के कांस्य विजेता गुलवीर ने 28 मिनट 38.63 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 27:00.22 सेकंड है जो इस साल की शुरुआत में बनाया था। जापान के मेबुकी सुजुकी (28:43.84 सेकंड) ने रजत, और बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप (28:46.82 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता।
सेबेस्टियन ने एक घंटा 21 मिनट और 13.60 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता। वह चीन के वांग झाओझाओ (1:20:36.90 सेकंड) स्वर्ण और जापान के केंटो योशिकावा (1:20:44.90 सेकंड) रजत से पीछे रहे। सेबेस्टियन का समय उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 1:21:23 से थोड़ा अधिक था, जो उन्होंने इस वर्ष फरवरी में उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान बनाया था। इस स्पर्धा में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अमित 1:22:14.30 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए 59 सदस्यीय दल भेजा है। भारत ने पिछली बार इस चैंपियनशिप में 27 पदक जीते थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।