संबोधन:: आतंकवाद के अंत के लिए हर तरीका अपनाएगा भारत: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी तरह के ऑपरेशन करने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि उसे अपने आतंकवादियों को भारत को सौंपना होगा। भारतीय...

पणजी, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत आतंकवाद के अंत के लिए किसी भी तरीके का इस्तेमाल करने में संकोच नहीं करेगा। गोवा में शुक्रवार को देश के पहले स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस विक्रांत पर भारतीय नौसेना के अधिकारियों और सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने ये बात कही। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं थी, ये आतंकवाद पर कड़ा प्रहार था। पाकिस्तान अगर फिर कोई दुस्साहस करता है तो उसे भारतीय नौसेना के क्रोध और कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नौसेना की सेवा और रणनीति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नौसेना ने सुनिश्चित किया कि पाकिस्तानी नौसेना बाहर न निकले नहीं तो उसे अंजाम भुगतना होगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को समझना होगा कि आजादी के बाद आतंकवाद का जो खतरनाक खेल वो खेल रहा है वो खत्म हो गया है। पाकिस्तान अगर भारत के खिलाफ कोई भी आतंकी गतिविधि को अंजाम देता है तो उसे उसका अंजाम भुगतना होगा और हार का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि भारत किसी आतंकी गतिविधि को पूरी तरह खत्म करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। रक्षामंत्री ने वर्ष 1961 में लिबरेशन ऑफ गोवा के ऑपरेशन में आईएनएस विक्रांत के पुराने स्वरूप की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि अब इसका नया स्वदेशी स्वरूप आतंकवाद से लड़ाई में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री के साथ नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। भारत ऑपरेशन चलाने को स्वतंत्र रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की धरती से खुलेआम भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है। ऐसे में भारत आतंकवाद के खिलाफ सीमा और समुद्र से किसी भी तरह का ऑपरेशन चलाने को स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया ने माना है कि भारत अपने लोगों को आतंकवाद से बचाने के लिए हर कोशिश कर रहा है क्योंकि ये उसका अधिकार है। आतंक की नर्सरी का अंत करे पाक पाकिस्तान को आतंक की नर्सरी अपने हाथों ही खत्म करनी होगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकियों को भारत को सौंपना होगा क्योंकि दोनों भारत के साथ संयुक्त राष्ट्र की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हैं। तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण हो गया है। हाफिज और अजहर मुंबई हमले के दोषी हैं और उन्हें उनके किए की सजा जरूर मिलनी चाहिए। पाक से पीओके- आतंकवाद पर बात रक्षा मंत्री ने कहा, पाकिस्तान लगातार भारत से बात करने की अपील कर रहा। पाक से अब बात सिर्फ आतंकवाद और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर होगी। अगर पाकिस्तान बातचीत को लेकर गंभीर है तो उसे हाफिज सईद और मसूद अजहर को भी भारत को सौंपना होगा। भारत, पाकिस्तान से संचालित आतंकी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई को प्रतिबद्ध है। समुद्र में तैनात हुए युद्धपोत भारतीय वायुसेना जब आतंकी ठिकनों पर हमला कर रही थी तब नौसेना अरब सागर में पूरी मुस्तैदी से तैनात थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय नौसेना की पश्चिमी बेड़े के युद्धपोत 96 घंटे के भीतर समुद्र में तैनात हो गए थे। इनसे सतह से सतह, हवा से हवा और पानी के भीतर से मार करने वाली मिसाइलों से पश्चिमी और पूर्वी तट पर सफलतापूर्वक फायरिंग हुई, जिससे दुश्मन के होश उड़ गए। दुश्मनों का मनोबल टूटा रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय नौसेना की ताकत और उसकी मारक क्षमता देख दुश्मन का मनोबल टूट गया था। उन्होंने नौसेना से कहा, आप अपनी तैयारियों में कोई कमी नहीं रखें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कह चुके हैं, कोई भी आतंकी हमला युद्ध माना जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। अगर पाक कोई गलती करता है तो भारत उसको कड़ा जवाब देगा। युद्ध का दायरा हुआ बड़ा रक्षा मंत्री ने कहा कि आज हम उस दौर में हैं जहां युद्ध सिर्फ गोली और बम से नहीं लड़ा जाता। साइबर हमले, डाटा और रणनीतिक लिहाज से भी युद्ध लड़ा जा रहा। उन्होंने कहा कि ये गर्व की बात है कि नौसेना इन क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। दुश्मन को ये समझना होगा कि भारत अब सिर्फ क्षेत्रीय नहीं, दुनिया की बड़ी शक्ति बनकर उभर रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।