मौसम का मिजाज : आज से मौसम में बदलाव संभव, आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट
नई दिल्ली में मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस था, जबकि न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री रहा। गुरुवार और शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश और आंधी...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में आज से मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है। मौसम विभाग ने गुरुवार-शुक्रवार को येलो अलर्ट और शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को राजधानी का मौसम सुहाना रहा। हालांकि, उमस से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। इस दौरान अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
हल्की से मध्यम बारिश भी होने की संभावना है। इस बीच आंधी भी आ सकती है। हवा की गति गुरुवार को 20 से 50 किलो मीटर प्रति घंटा के बीच रहने की संभावना है। शुक्रवार को हवा 40 से 50 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। यही नहीं आंधी और बिजली की चमक के बीच शाम और रात को 60 किलो मीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, राजधानी में बुधवार को प्रदूषण का स्तर भी सामान्य दर्ज किया गया। आसमान साफ और हवाओं की गति तेज होने के कारण प्रदूषण के स्तर में सुधार देखा जा रहा है। शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना मौसम विभाग ने शनिवार के ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंधी के बीच 50 से 60 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है और बाद में यह 70 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक जा सकती है। इस बीच तापमान के स्तर में भी कमी आने की उम्मीद है। इस पूरे सप्ताह तापमान अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। तीन जून तक मौसम विभाग ने लू की संभावना से इंकार किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।