Uttar Pradesh Police Recruitment 332 Candidates Successfully Appointed in Noida पारदर्शी तरीके से हुई पुलिस भर्ती को जिले के सफल अभ्यर्थियों ने सराहा, Noida Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsNoida NewsUttar Pradesh Police Recruitment 332 Candidates Successfully Appointed in Noida

पारदर्शी तरीके से हुई पुलिस भर्ती को जिले के सफल अभ्यर्थियों ने सराहा

- पुलिस के एक्स हैंडल पर सफल अभ्यर्थियों ने व्यक्त की प्रतिक्रिया

Newswrap हिन्दुस्तान, नोएडाMon, 16 June 2025 10:57 PM
share Share
Follow Us on
पारदर्शी तरीके से हुई पुलिस भर्ती को जिले के सफल अभ्यर्थियों ने सराहा

नोएडा,वरिष्ठ संवाददाता। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती में जिले के सफल अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के लिए शासन और भर्ती बोर्ड का आभार प्रकट किया है। सोमवार को कमिश्नरेट पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स से कई सफल अभ्यर्थियों की प्रतिक्रियाओं को साझा किया गया। सभी ने यूपी सरकार और पुलिस विभाग का आभार प्रकट किया। गौतमबुद्धनगर जिले से डीसीपी (मुख्यालय) रवि शंकर निम के नेतृत्व में कुल 332 अभ्यर्थियों ने रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था और अपने नियुक्ति पत्र प्राप्त किए। डीसीपी ने बताया कि जिले में 17 जून से नवचयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कमिश्नरेट पुलिस के एक्स हैंडल पर जिले के सफल अभ्यर्थी कल्याण सिंह ने कहा उन्हें सूबे के मुख्यमंत्री की ओर से नियुक्ति पत्र दिया गया। भर्ती पूरी तरह से पारदर्शी रही। कहीं भी कोई रुकावट नहीं आई। जिसने भी मेहनत की उसे सफलता मिली। एक अन्य अभ्यर्थी प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की इस भर्ती में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया। चारों चरणों में हर चीज एकदम पारदर्शी तरीके से हुई। जिले के ही रोहित ने कहा कि भर्ती बोर्ड के डीजी और शासन की पहल के कारण सबसे बड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न हुई। जल्द ही अभ्यर्थी यूपी पुलिस का हिस्सा होंगे। जिले के सफल अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण का स्थल सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन रहेगा। जहां अभ्यर्थियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन की ओर से उन्हें निर्धारित जिले में तैनाती के लिए भेजा जाएगा। इससे पहले भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच और मेडिकल फिटनेस परीक्षण सूरजपुर पुलिस लाइन में कराया गया था। वहीं गैर जनपदों में प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन से तैनाती पाकर गौतमबुद्धनगर में भी पुलिसकर्मी आएंगे। इससे जिले को करीब एक हजार नए पुलिस जवान मिलेंगे। जिले में फिलहाल छह हजार से अधिक पुलिसकर्मी हैं। एक हजार नए जवानों के जुड़ने से कई मोर्चों पर व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। अपराध नियंत्रण के साथ रात्रिकालीन गश्त, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, थानों पर दबाव कम करना, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन संचालन जैसे क्षेत्रों में मजबूती आएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।