राया हेरिटेज सिटी के लिए 200 एकड़ जमीन खरीदेगा यमुना प्राधिकरण, 3 फेज में बसेगा सुंदर शहर
यमुना प्राधिकरण ने मथुरा का मास्टर प्लान 2031 (फेज-2) मंजूर होने के बाद राया हेरिटेज सिटी के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल 200 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी, जिसमें से 137 एकड़ के लिए किसान सहमति दे चुके हैं।

यमुना प्राधिकरण ने मथुरा का मास्टर प्लान 2031 (फेज-2) मंजूर होने के बाद राया हेरिटेज सिटी के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल 200 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी, जिसमें से 137 एकड़ के लिए किसान सहमति दे चुके हैं। हालांकि, हेरिटेज सिटी के लिए फिलहाल जमीन के रेट तय नहीं हैं। आगामी बोर्ड बैठक में नए रेट पर मुहर लगेगी।
प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि जुलाई 2025 तक राया हेरिटेज को विकसित करने के लिए कंपनी का चयन किया जाएगा। कंसेशन एग्रीमेंट के बाद 90 दिन के अंदर कंपनी इसका निर्माण शुरू कर देगी। ऐसे में अगस्त तक हेरिटेज सिटी की नींव रखे जाने की उम्मीद है। भूमि अधिग्रहण और खरीद की प्रक्रिया तेज करने के लिए मथुरा के गीता शोध संस्थान में प्राधिकरण का क्षेत्रीय कार्यालय भी शुरू हो गया है। यहां पर ओएसडी शिव अवतार सिंह को चार्ज दिया गया है। इसके साथ ही एक तहसीलदार राजेंद्र, एक कानूनगो और चार लेखपाल भी नियुक्त किए गए हैं। पहले 200 एकड़ भूमि अधिग्रहित और खरीदी जाएगी, जिसके आधार पर विकासकर्ता कंपनी के चयन को आरएफपी जारी होगी।
पहले चरण में 735 एकड़ में हेरिटेज सिटी का विकास होगा। यहां छह लेन का एक्सप्रेसवे समेत अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप बिड इवैल्यूशन कमेटी की बैठक में सीबीआरई साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार डीपीआर को पास किया जा चुका है। यह परियोजना कुल तीन हजार एकड़ में 10 वर्षों में पूरी होगी, इसके अंतर्गत 12 गांव आ रहे हैं। तीन चरण में काम पूरा किया जाएगा। प्रथम और द्वितीय चरण 3-3 वर्ष में पूरे होंगे। तीसरा चरण चार वर्ष में पूरा होगा। राया हेरिटेज सिटी में ब्रज और मथुरा की संस्कृतिक विरासत की झलक दिखेगी। वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए जीरो पॉइंट से 101 किलोमीटर पर बनाए जाने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे पहले चरण के तहत 735 एकड़ में राया हेरिटेज सिटी विकसित होगी।
किसके लिए कितना क्षेत्रफल
निर्माण कार्य :- क्षेत्रफल
थीम बेस्ड हेरिटेज सेंटर :- 350 एकड़
योगा, वेलनेस सेंटर और नेचुरोपैथी :- 103 एकड़
ग्रीन पार्क :- 97 एकड़
टूरिस्ट ट्रेवल फैसिलिटी :- 46 एकड़
कन्वेंशन सेंटर :- 42 एकड़
आयुर्वेद :- 35 एकड़
स्टार होटल :- 26 एकड़
बजट होटल :- 19.60 एकड़
ओल्ड एज होम्स :- 10 एकड़
सर्विस अपार्टमेंट :- 6 एकड़
टूरिस्ट फैसिलिटी :- 8.40 एकड़
अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण, ''हेरिटेज सिटी के लिए 200 एकड़ भूमि के अधिग्रहण और खरीद की प्रक्रिया चल रही है। 137 एकड़ के लिए किसान सहमति भी दे चुके हैं। जमीन के नए रेट पर आगामी बोर्ड बैठक में मुहर लगेगी।''