Rekha Gupta Family: कौन हैं दिल्ली की नई CM रेखा गुप्ता के पति मनीष, परिवार में और कौन-कौन?
- रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता कारोबारी हैं। वह निकुंज एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हैं। इसके अलावा, रेखा और मनीष के दो बच्चे हैं। बेटी का नाम हर्षिता गुप्ता है और बेटे का नाम निकुंज है।

Rekha Gupta Family: बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। विधायक दल की बैठक में प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव किया जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। एबीवीपी से अपनी राजनीति की शुरुआत करने वाली रेखा इस बार दिल्ली चुनाव में शालीमार बाग से चुनकर विधायक बनी हैं। वह मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं और दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी सीएम बन चुकी हैं। रेखा के परिवार की बात करें तो उनके अलावा राजनीति में कोई अन्य सदस्य इतना सक्रिय नहीं है। उनके पति मनीष गुप्ता कारोबारी हैं। वह निकुंज एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हैं। वह लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में भी काम करते हैं। इसके अलावा, रेखा और मनीष के दो बच्चे हैं। बेटी का नाम हर्षिता गुप्ता है और बेटे का नाम निकुंज है।
रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से पूरे परिवार में खुशी की लहर है। इस मौके पर उनके पति मनीष ने बताया कि पार्टी ने अच्छा फैसला लिया है कि महिला मुख्यमंत्री को दिल्ली की जिम्मेदारी दी है। वह दिल्ली की जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगी। रेखा के पति की बीजेपी में सीधे तौर पर कोई भूमिका नहीं रही हो, लेकिन कहा जाता है कि उनका भी आरएसएस से जुड़ाव रहा है। साथ ही, राजनीति में अपनी पत्नी को पूरा सहयोग देते रहे हैं। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद रेखा ने बीजेपी का धन्यवाद दिया और 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मुझ पर भरोसा करने और मुझे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि मैं दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।"
बैंक में मैनेजर थे रेखा गुप्ता के पिता
रेखा गुप्ता के पिता जयभगवान जिंदल बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। नौकरी मिलने के बाद ही पूरा परिवार हरियाणा के जींद से दिल्ली शिफ्ट हो गया था। उस समय रेखा की उम्र महज दो साल थी। रेखा के दादा राजेंद्र जिंदल आढ़त व्यवसायी थे। विधायक दल की नेता बनने के बाद उन्होंने बुधवार शाम उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
उनके साथ भाजपा पर्यवेक्षकों रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ के अलावा नगर भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, कमलजीत सहरावत और प्रवीण खंडेलवाल भी थे। रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष और नगर निगम पार्षद रह चुकी हैं। गुप्ता के नेतृत्व में नई भाजपा सरकार बृहस्पतिवार दोपहर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में शपथ लेगी।