दिल्ली में कल से 3 दिन चलेंगी तेज हवाएं; कितनी होगी स्पीड, बारिश पर क्या अपडेट?
Delhi Weather: दिल्ली में जल्द मौसम के बदले मिजाज को महसूस किया जा सकेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है।

Delhi Mausam: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल से तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली एनसीआर के इलाकों पर भी हल्का नजर आएगा। दिल्ली एनसीआर के इलाकों में बारिश तो नहीं होगी लेकिन तापमान में कमी जरूर देखी जाएगी। दिल्ली में कल से तीन दिन तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी। 29 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी के आसमान में बादलों की आवाजाही भी देखी जा सकती है। 29 मार्च के बाद दिल्ली एनसीआर में फिर से तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी।
मौसम विभाग ने 27 मार्च को दिल्ली में तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। IMD की मानें तो 27, 28 और 29 मार्च को दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। 27 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री जबकि न्यूनमत तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमाप 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
29 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान में कोई खास अंतर तो नहीं आएगा लेकिन न्यूनतम तापमाप में दो डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है और यह 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। 30 मार्च को न्यूनतम तापमाप में कोई खास अंतर तो नहीं आएगा लेकिन अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। 31 मार्च और पहली अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमाप 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो 26 और 27 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में गरज, चमक और तेज हवाओं के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है। इस दौरान हवा की स्पीड 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे देखी जाएगी। 26 और 27 मार्च को कश्मीर में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना है। वहीं जम्मू में भारी बारिश और लद्दाख में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। 26 से 28 मार्च के दौरान पंजाब और 27 से 29 मार्च के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में छिटपुट स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं।