पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सोमवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने इस मैच में 4 ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में सिर्फ तीन रन दिए और दो विकेट चटकाए। अर्शदीप ने 3 ओवर में बिना विकेट लिए 25 रन खर्च किए थे लेकिन आखिरी ओवर की पहली गेंद पर नमन धीर (20) और फिर सूर्यकुमार यादव (57) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। अर्शदीप ने जारी सीजन में 14 मैच में 18 विकेट चटकाए हैं।
तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने पंजाब किंग्स को पहली सफलता दिलाई। रयान रिकल्टन और रोहित शर्मा ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी हुई। रयान रिकल्टन को मार्को यानसेन ने आउट किया। रयान ने 20 गेंद में 27 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके लगाए। इसके बाद मार्को यानसेन ने कप्तान हार्दिक पांड्या को पवेलियन का रास्ता दिखाया, जोकि पंजाब के लिए खतरा बन सकते थे। हार्दिक ने 15 गेंद में 26 रन बनाए।
185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन ने अच्छी शुरुआत दिलाई। प्रभसिमरन 16 गेंद में 13 रन ही बना सके लेकिन प्रियांश आर्या ने एक छोर संभालकर रखा और जोश इंग्लिस के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। इस जोड़ी ने मुंबई के गेंदबाजों को काफी परेशान किया। प्रियांश आर्या 35 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और दो छक्के लगाए।
पंजाब किंग्स के स्टार बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए। मुंबई के सभी गेंदबाजों के खिलाफ जोश ने रन बटोरे। उन्होंने 42 गेंद में 9 चौके और तीन छक्के की मदद से 73 रन की पारी खेली। उन्हें मिचेल सैंटनर ने 18वें ओवर में आउट किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जोश ने प्रियांश के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 59 गेंद में 109 रन की साझेदारी की।
प्रियांश आर्या और जोश इंग्लिस के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला और अंत तक टिके रहे। श्रेयस ने 16 गेंद में 26 रन की पारी खेली। श्रेयस ने जोश के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 गेंद में 28 रन की साझेदारी की। जबकि नेहल के साथ 6 गेंद में 16 रन बनाए। वहीं श्रेयस ने इस मैच में अच्छी कप्तानी भी की। इस मैच में पंजाब ने पांच गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जबकि मुंबई ने सात बॉलर को आजमाया।