सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर बनी डॉक्यूमेंट्री यूट्यूब पर रिलीज, पिता बलकौर सिंह को झटका
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 को मानसा के जवाहरके गाँव में उनकी कार में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर कर दी थी। उनकी उम्र तब 28 साल थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने फेसबुक पोस्ट में इसकी जिम्मेदारी ली थी।

दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को मानसा कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी उस मांग को नामंजूर कर दिया है, जिसमें सिंह ने बेटे सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। बुधवार को मानसा कोर्ट ने उस डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। है। हालांकि, कोर्ट ने बलकौर सिंह की याचिका पर गुरुवार को सुनवाई की तारीख तय की है।
दूसरी तरफ, कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने आज यूट्यूब पर अपनी इस डॉक्यूमेंट्री को रिलीज कर दिया। खास बात ये है कि डॉक्यूमेंट्री सिद्धू मूसेवाला के जन्मदिन के मौके पर ही रिलीज किया गया है। मूसेवाला का जन्म 11 जून 1993 को हुआ था। बीबीसी की वेबसाइट पर भी यह जारी की गई है। पहले बीबीसी ने आज शाम को मुंबई के जुहू में इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रखी थी लेकिन विवाद के बाद इसे यूट्यूब पर रिलीज कर दिया। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने इसके प्रीमियर पर रोक लगाने की मांग की थी।
क्या है इस डॉक्यूमेंट्री में?
सिंगर शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर बनी इस डॉक्यूमेंट्री में उन घटनाओं, वजहों और साजिशों का जिक्र किया गया है, जो इस पंजाबी गायक की इतनी कम उम्र में हत्या के कारण बनी। बीबीसी ने डॉक्यूमेंट्री में सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की साजिश रचने वाले गोल्डी बराड़ से बात की है। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथी गोल्डी बराड़ को इस हत्याकांड की साजिश रचने वालों के रूप में नामजद किया है।
हालांकि अभी तक गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी नहीं हुई है और वह इन दिनों संभवतः कनाडा में छुपा है। लॉरेंस वारदात के वक़्त से लेकर अब तक जेल में ही है। गोल्डी बराड़ ने बीबीसी को बताया कि अपने अहंकार में मूसेवाला ने कुछ ऐसी ग़लतियाँ कीं, जिन्हें माफ़ नहीं किया जा सकता था। बराड़ ने बीबीसी से कहा, "उसके पास उन्हें मारने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उन्हें अपने किए का नतीजा भुगतना ही था। या तो वो होते या हम, ये इतनी ही सामान्य बात है।"
लॉरेंस का मूसेवाला से रिश्ता हत्या से बहुत साल पुराना, कबड्डी मैच से हुई दुश्मनी
गोल्डी बराड़ ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई का मूसेवाला से रिश्ता सिंगर की हत्या से बहुत साल पुराना है। लॉरेंस बिश्नोई सिद्धू मूसेवाला के संपर्क में था। मुझे नहीं पता उनकी पहचान किसने करवाई, मैंने कभी नहीं पूछा लेकिन वो आपस में बात करते थे। बकौल गोल्डी बराड़ लॉरेंस को ख़ुश करने के लिए सिद्धू गुड मॉर्निंग और गुड नाइट मैसेज भेजा करते थे। गोल्डी बराड़ ने बताया कि उनके बीच पहला विवाद पंजाब के एक गाँव में कबड्डी मैच को लेकर हुआ था।
बराड़ के मुताबिक, मूसेवाला ने इस टूर्नामेंट का प्रचार किया था जबकि इसका आयोजन बिश्नोई के विरोधी बंबीहा गैंग ने किया था। वह हमारे विरोधियों को बढ़ावा दे रहे थे। तभी लॉरेंस और अन्य लोग उनसे नाराज़ हो गए। उन्होंने सिद्धू को धमकी दी और कहा कि वे उन्हें नहीं छोड़ेंगे। हालांकि, बिश्नोई के एक सहयोगी विक्की मिद्दुखेड़ा की मदद से इस विवाद को सुलझा लिया गया था लेकिन अगस्त 2021 में मोहाली में गैंगस्टरों ने मिद्दुखेड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी, तो सिद्धू मूसेवाला के प्रति बिश्नोई की दुश्मनी उस हद तक पहुँच गई थी, जहाँ से वापसी मुमकिन नहीं थी। इस हत्या की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली थी।
राजनीतिक ताकत, पैसे के दम पर मूसेवाला ने मरवाया मिद्दुखेड़ा को
गोल्डी बराड़ ने आगे बताया कि उन्हें पूरा यक़ीन है कि सिंगर मूसेवाला मिद्दुखेड़ा की हत्या में शामिल थे। उनके मैनेजर शगनप्रीत सिंह ने मिद्दुखेड़ा की हत्या से पहले बंदूकधारियों की मदद की थी और मूसेवाला ख़ुद भी इसमें शामिल रहे होंगे। सिद्धू मूसेवाला राजनेताओं और सत्ता में मौजूद लोगों के साथ मिले हुए थे। वो राजनीतिक ताक़त, पैसे और रिसोर्स का इस्तेमाल हमारे विरोधियों को मदद देने के लिए कर रहे थे। बराड़ ने कहा, “ हम चाहते थे कि उन्हें उनके किए की सज़ा मिले। उन पर मुक़दमा चलना चाहिए था। उन्हें जेल जाना चाहिए था लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी इसलिए हमने इसे अपने ऊपर ले लिया। जब बहरे कानों को शराफ़त से कही बात समझ नहीं आती, तो गोली की आवाज़ ही सुनाई देती है।”
वसूली गैंग चलाने की बात कबूली
गोल्डी बराड़ ने स्वीकार किया कि वह जबरन वसूली गैंग के काम का मुख्य हिस्सा था। बराड़ ने कहा, "चार लोगों के परिवार का पेट पालने के लिए एक आदमी को अपनी पूरी ज़िंदगी संघर्ष करना पड़ता है। हमें सैकड़ों या हज़ारों लोगों की देखभाल करनी पड़ती है, जो हमारे लिए परिवार की तरह हैं। हमें लोगों से जबरन वसूली करनी पड़ती है। पैसे पाने के लिए हमें डरना पड़ता है।"
पिता को इसलिए है ऐतराज
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने मुंबई में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रोकने के लिए महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक को भी एक पत्र लिखा था। महाराष्ट्र के डीजीपी और मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में बलकौर सिंह सिद्धू ने कहा कि था कि बीबीसी वर्ल्ड सर्विस 11 जून को दोपहर 3 बजे जुहू में डॉक्यूमेंट्री दिखाने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। डॉक्यूमेंट्री उनकी अनुमति के बिना बनाई गई है। इसमें उनके बेटे की हत्या के बारे में गलत चीजें दिखाई गई हैं। इसमें उनके बेटे की हत्या से संबंधित दर्ज केस में नामजद लोगों के इंटरव्यू हैं, ऐसे में यह हत्या को लेकर चल रहे कानूनी मामले को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर बैन लगा दिया जाए। इसी मांग को लेकर उन्होंने मानसा कोर्ट में भी याचिका दायर की थी।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।