पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का निधन; वसुंधरा राजे बोलीं- वे ईमानदार, मिलनसार व नेक दिल इंसान थीं
डा व्यास के परिजनों ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया था कि वह गणगौर की पूजा कर रही थीं, तभी उनकी साड़ी का पल्लू दीये से छू गया और उनके कपड़ों में आग लग गई।

कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का गुरुवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं और करीब महीने भर से यहां भर्ती थीं। दरअसल महीने भर पहले अपने घर में आरती करने के दौरान उनके कपड़ों में आग लग गई थी और इस दौरान वह झुलस गई थीं। इसके बाद से ही अहमदाबाद में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन पर राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे सिंधिया और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत अन्य कई नेताओं ने दुख जताया है।
गिरिजा व्यास के साथ यह हादसा 31 मार्च को तब हुआ था, जब वह उदयपुर स्थित अपने घर में सुबह गणगौर की पूजा कर रही थीं, तभी उनकी साड़ी का पल्लू अचानक वहां लगे दीपक से छू गया और उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली थी। इसके बाद उन्हें उदयपुर के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था, जहां से उन्हें अहमदाबाद रेफर कर दिया गया था।
उनके भाई गोपाल शर्मा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार शाम अहमदाबाद के अस्पताल में गिरिजा व्यास का निधन हो गया, जिसके बाद शुक्रवार को उदयपुर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, व्यास घर में आरती कर रही थीं, उसी दौरान उनके कपड़ों में नीचे जल रहे दीये से आग लग गई थी, जिसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए थे।
डॉक्टर गिरिजा व्यास कांग्रेस की महत्वपूर्ण और दिग्गज नेता थीं। उन्होंने राज्य और केंद्र दोनों सरकारों में मंत्री के रूप में काम किया। वह प्रदेश कांग्रेस प्रमुख भी रह चुकी थीं और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं थीं।
अशोक गहलोत ने बताया बड़ा आघात
कांग्रेस की दिग्गज नेत्री को श्रद्धांजलि देते हुए पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने लिखा, ‘पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ गिरिजा व्यास का निधन हम सबके लिए एक अपूरणीय क्षति है। डॉ गिरिजा व्यास ने शिक्षा, राजनीति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में बड़ा योगदान था। उनका इस तरह एक हादसे का शिकार होकर असमय जाना हम सभी के लिए एक बड़ा आघात है। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं।’
पायलट ने लिखा- उन्हीं के अध्यक्ष रहते सदस्यता ली थी
उनके निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने लिखा कि 'गिरिजा व्यास जी के निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। उनका निधन मेरे और मेरे परिवार के लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने राजनीति में सादगीपूर्ण और संवेदनशील नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई।'
सचिन पायलट ने आगे लिखा, ‘मुझे हमेशा उनका स्नेह, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिलता रहा। लगभग 25 साल पहले मुझे कांग्रेस पार्टी की औपचारिक सदस्यता गिरजा जी के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उनके हस्ताक्षर से ही मिली थी। आज उनके निधन से कांग्रेस पार्टी ने अपना एक सच्चा सिपाही खो दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति’
वसुंधरा ने लिखा- वे ईमानदार, मिलनसार और नेक दिल थीं
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने उनके निधन पर दुख जताते हुए लिखा, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.गिरिजा व्यास जी के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया। वे एक ईमानदार, मिलनसार और नेक दिल इंसान थीं।उनका निधन राजस्थान के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं परमपिता परमेश्वर से दिवंगत की आत्मा को चिरशांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करती हूं।'
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा- यह अत्यंत दुखद समाचार
उधर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’