rajasthan pre monsoon rain alert yellow alert june 2025 प्री-मानसून की दस्तक, राहत भी, आफत भी…राजस्थान के 9 जिलों में येलो अलर्ट, Jaipur Hindi News - Hindustan
Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरrajasthan pre monsoon rain alert yellow alert june 2025

प्री-मानसून की दस्तक, राहत भी, आफत भी…राजस्थान के 9 जिलों में येलो अलर्ट

राजस्थान में प्री-मानसून की दस्तक आमजन के लिए राहत और आफत दोनों लेकर आई है। बीते 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

Sachin Sharma लाइव हिन्दुस्तानTue, 17 June 2025 10:16 AM
share Share
Follow Us on
प्री-मानसून की दस्तक, राहत भी, आफत भी…राजस्थान के 9 जिलों में येलो अलर्ट

राजस्थान में प्री-मानसून की दस्तक आमजन के लिए राहत और आफत दोनों लेकर आई है। बीते 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कई इलाकों में जलभराव और आवागमन बाधित होने जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें मेघगर्जन, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, अलवर, दौसा, जयपुर, नागौर, सीकर, जालौर, चूरू, झुंझुनू और सवाई माधोपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे में जमकर बरसात हुई है। सबसे ज्यादा बारिश राजसमंद के आमेट में 96 मिमी दर्ज की गई। कोटा में 46, बाड़मेर में 12.6, जोधपुर में 14.2, जयपुर में 10.8, दौसा में 3 और अलवर में 9.4 मिमी बारिश हुई। इससे गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

जयपुर में सोमवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही और उमस बनी रही, लेकिन शाम होते-होते टोंक रोड, जेएलएन मार्ग और सीकर रोड पर बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 35.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 39.2 डिग्री और चूरू में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भीलवाड़ा जिले के बरूंदनी, सिंगोली, धाकड़ खेड़ी, जोजवा और बागीद गांवों में भी मूसलाधार बारिश हुई। बरसात के चलते सड़कों पर पानी बहने लगा और रूपारेल नदी उफान पर आ गई। पारसोली के पास नदी पर बने पुल पर तीन फीट से अधिक पानी बहने लगा, जिससे भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जिलों के बीच संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया। पुल पर पानी आने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पूर्वी हवाएं अब सक्रिय हो रही हैं, जिससे मानसून के आगे बढ़ने की संभावना प्रबल हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि आज मानसून पूर्वी भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम से होते हुए पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में प्रवेश कर सकता है। वर्तमान में मानसून मुंबई और नांदेड़ के आसपास रुका हुआ है।

राजस्थान में मौसम की इस करवट से जहां किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश और जलभराव ने चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं। आने वाले दिनों में मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखना और एहतियात बरतना बेहद जरूरी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।