लखनऊ में शहीद पथ पर लगा 5 KM का लंबा जाम, फंसे कई नेता, 3 दरोगा समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड
लखनऊ में शहीद पथ पर 5 KM का लंबा जाम लग गया है। एयरपोर्ट से आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता भी जाम में फंस गए। तीन दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और सिपाही को सस्पेंड कर दिया।

लखनऊ में शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास दो वाहनों में टक्कर के बाद भीषण जाम लग गया। कानपुर रोड से कमता रूट पर करीब पांच किमी लंबी वाहनों की कतार लग गई। जिम्मेदार पुलिस कर्मी सोते रहे। एयरपोर्ट से आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता भी जाम में फंस गए। इसके बाद अफसरों को जानकारी हुई तो आनन-फानन मौके पर पहुंचे। क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहन हटवाए गए। 10 बजे के बाद रूट पर यातायात संचालन शुरू हुआ। डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने तीन दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और सिपाही को सस्पेंड कर दिया।
कानपुर रोड की ओर से कमता की ओर जा रहे गिट्टी भरे ओवरलोड डंपर ने तड़के करीब 5:30 बजे आगे चल रहे वाहन में टक्कर मार दी। इससे डंपर के आगे वाला वाहन बीच रोड पर चला गया। दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे से कानपुर रोड तिराहे से कमता की ओर जा रहे वाहनों का आवागमन ठप गया। लोग सर्विस लेन की ओर बढ़े तो वाहनों का दबाव होने के कारण जाम लग गया। देखते-देखते चार से पांच किमी लंबा जाम लग गया। सूचना के बाद भी सुशांत गोल्फ सिटी थाने से कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। नाइट अफसर से लेकर चौकी प्रभारी, पालीगान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी सभी सोते रहे। लोग घंटों जाम में फंसे बेहाल होते रहे। इस बीच लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली से आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष करीब 9:20 बजे जाम में फंस गए। उनके साथ प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी थे। जाम में फंसे दोपहिया वाहन चालक पसीना छोड़ रहे थे।भाजपा राष्ट्रीय संगठन मंत्री के पीछे गाड़ियों में चल रहे वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस अफसरों को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद अफसर और सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि शहीद पथ पर वीआईपी आवागमन रहता है। उक्त पुलिस कर्मियों ने न तो उच्चाधिकारियों को सूचना दी, न मौके पर खुद पहुंचे और न ही क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। इस कारण जाम लगा रहा। तमाम लोगों को उससे दिकक्तें हुईं थी।