Hindustan Special: यूपी के इस शहर में विराजेंगे भगवान श्रीराम, 51 फीट ऊंची भव्य मूर्ति तैयार
यूपी में बनी रामायण वाटिका में भगवान श्रीराम विराजेंगे। 51 फिट ऊंची मूर्ति का डिजाइन स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनाने वाले पद्मभूषण से सम्मानित मूर्तिकार रामसुतार ने तैयार किया है। मूर्ति नोएडा में तैयार की गई है।

यूपी के बरेली शहर में बनी रामायण वाटिका में भगवान श्रीराम विराजेंगे। 51 फिट ऊंची मूर्ति का डिजाइन स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनाने वाले पद्मभूषण से सम्मानित मूर्तिकार रामसुतार ने तैयार किया है। मूर्ति नोएडा में तैयार की गई है। बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारी तैयार हो चुकी मूर्ति को देखने नोएडा जाएंगे। भविष्य में कई और मूर्तियां भी प्राधिकरण को तैयार करानी है। इस संबंध में मूर्तिकार से वार्ता की जाएगी।
बीडीए की रामगंगानगर कॉलोनी में भगवान श्रीराम की प्रतिमा लगेगी। आवासीय परियोजना में करीब 33 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की गई रामायण वाटिका में यह प्रतिमा स्थापित करनी है। साढ़े नौ करोड़ रुपये की लागत से इस मूर्ति को तैयार किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि यह रामायण वाटिका आने वाले समय में उत्तर भारत में विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए मनिकंडन ने बताया कि भगवान श्रीराम की मूर्ति को देखने के लिए नोएडा जा रहे हैं। वहां से लौटकर रामायण वाटिका प्रोजेक्ट पर तेजी से काम पूरा किया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने में जुटे अधिकारी
बीडीए अपने ड्रीम प्रोजेक्ट रामगंगानगर में रामायण वाटिका का विकास कुछ इस तरह करने में जुटा हुआ है ताकि यहां आने वालों के मन में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े तमाम प्रसंगों की कल्पना साकार हो जाए। 51 फिट ऊंची मूर्ति बाहर से आने वाले लोगों को दूर से नजर आए। वैसे रामायण वाटिका में अलग-अलग तरह की मूर्तियों के साथ दीवारों पर भगवान राम के जीवन से संबंधित प्रसंगों को उकेरा गया है। इसमें उनके चित्रकूट, दण्डकारण्य, पंचवटी, माता सबरी आश्रम, किष्किन्धा, अशोक वाटिका, पंपा सरोवर भ्रमण जैसे प्रसंग प्रमुख हैं।