खरीफ फसलों के अच्छे उत्पादन का मंत्र देंगे वैज्ञानिक
Agra News - किसानों को खरीफ के मौसम में फसलों से संबंधित आधुनिक तकनीक व जलवायु परिवर्तन प्रभावरोधी कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र की टीमें 29 मई से 12 जून तक 120 गांवों में जाएंगी।...

किसानों को खरीफ के मौसम में पैदा होने वाली फसलों से संबंधित आधुनिक तकनीक व जलवायु परिवर्तन प्रभावरोधी कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक 29 मई से 12 जून तक 15 ब्लॉक के 120 गांव में जाएंगे। ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 एक मिशन के रूप में चलेगा। इसमें कृषि वैज्ञानिकों सहित कृषि, उद्यान, गन्ना, पशु पालन, मत्स्य, सहकारिता, रेशम, सिंचाई और लीड बैंक मैनेजर, वित्तीय संस्थाओं के अधिकारी, कर्मचारी प्रशिक्षक भी भूमिका में होंगे। कृषि उप निदेशक पुरुषोत्तम मिश्रा ने बताया कि आगरा में तीन टीमें सक्रिय की गई हैं। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. संदीप सिंह, शिवम प्रताप, धर्मेंद्र सिंह, अंकुर त्रिपाठी, अनुपम दुबे व दीप्ति सिंह के नेतृत्व पांच सदस्य की तीन टीमें जाएंगीं।
29 मई से बिचपुरी से आठ गांव से इस अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद बरौली अहीर, अकोला, अछनेरा, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, सैंया, जगनेर, एत्मादपुर, खंदौली, फतेहाबाद, शमसाबाद, बाह, जैतपुर, पिनाहट के आठ-आठ गांव में जाएंगे। यहां खरीफ में उगने वाली फसलों से संबंधित आधुनिक तकनीकी व उन्नत कृषि पद्धति बताएंगे। किसानों को सरकार की जनहितकारी योजना व नीतियों की विस्तार से जानकारी देंगे। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड में सुझाई गई फसलों के चयन व खाद के प्रयोग की जानकारी देंगे। पीएम किसान सम्मान निधि के नये पात्र व अवशेष लाभार्थियों का पंजीकरण, ईकेवाईसी, आधार सीडिंग की जानकारी देंगे। साथ ही किसानों का फीडबैक भी लेंगे। ये कार्यक्रम तीन चरणों में होंगे। पहला कार्यक्रम सुबह आठ से 11 बजे तक होगा। दूसरा कार्यक्रम सुबह 11:30 से 2:30 बजे तक होगा। तीसरा दोपहर साढ़े तीन बजे से छह बजे तक होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।