ताजमहल और लालकिला में गर्मी से सात पर्यटकों की तबियत बिगड़ी
Agra News - गर्मी और उमस के कारण ताजमहल देखने आए पर्यटकों की तबियत खराब हो रही है। गुरुवार को ताज में एक 17 वर्षीय पर्यटक की तबियत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल भेजा गया। अन्य पर्यटकों को भी गर्मी से चक्कर आ गए और...

गर्मी और उमस के कारण ताज का दीदार करने आने वाले पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं। गुरुवार को ताज में तीन तो आगरा किला में चार पर्यटकों की तबियत खराब हो गई। सभी को प्राथमिक चिकित्सा दी गई। राजस्थान के उदयपुर से ताजमहल देखने आए 17 वर्षीय पर्यटक नरेश मिनारिया की ताजमहल देखने के बाद पश्चिमी गेट के बाहर आते समय तबियत अचानक खराब हो गई। पर्यटक को बेचैनी और उल्टियां होने लगीं। पर्यटक का स्वास्थ्य खराब होने की सूचना उसके साथियों द्वारा ताजमहल के पश्चिमी गेट पर नियुक्त थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम प्रभारी उप निरीक्षक शिवराज सिंह को दी गई।
प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी के निर्देशन में ताजमहल पश्चिमी पार्किंग पर्यटक सुविधा केंद्र से डॉ. रिंकू बघेल एवं चालक भूरे सिंह को बुलाकर एम्बुलेंस से पर्यटक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक शुभम कुमार वर्मा, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार, मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार, महिला आरक्षी लक्ष्मी देवी एवं रिंकी यादव शामिल थीं। वहीं ताज का दीदार करने आए शाहजहांपुर के संजय और राजीव की भी गर्मी के कारण तबियत बिगड़ गई। उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी गई। जबलपुर से आईं विमलेश और संतोष को चक्कर आ गए। इंदौर से आए चन्द्रभान और उनकी पत्नी विमला को भी गर्मी के कारण चक्कर आ गए। इन्हें भी प्राथमिक चिकित्सा दी गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।