एयरफोर्स सहित एक दर्जन स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस
Agra News - एयरफोर्स परिसर के बाहर पुलिस की तैनाती की गई है। अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने एक दर्जन स्थानों पर चौकसी बढ़ा दी है। सत्यापन अभियान जारी है और बिना चेकिंग...

एयरफोर्स परिसर के बाहर सहित एक दर्जन स्थानों पर पुलिस तैनात रहेगी। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि अभी सतर्कता में कोई लापरवाही नहीं बरतनी है। आगामी आदेश तक चिन्हित स्थानों पर पुलिस चौकसी बरकरार रहेगी। चेकिंग अभियान जारी रहेगा। शनिवार की दोपहर अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने एयरफोर्स परिसर के बाहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि युद्ध विराम की घोषणा हो गई है। पुलिस ने तनावपूर्ण माहौल के दौरान एक दर्जन से अधिक स्थान चिन्हित किए थे। सभी की सुरक्षा रातोंरात बढ़ा दी गई थी। एयरफोर्स परिसर, सदर में सैन्य क्षेत्र, ताजमहल, आगरा किला, पॉवरग्रिड, रेलवे लाइन आदि स्थानों पर पुलिस की सतर्कता रहेगी।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि एयरफोर्स परिसर के बाहर सत्यापन अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने एयरफोर्स गेट के आस-पास बैरियर लगाए हैं। उनके अंदर बिना चेकिंग किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। छतों पर जाने पर रोक लगाई गई थी। ड्रोन प्रतिबंधित किया गया था। पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि सुरक्षा के लिए जो निर्देश दिए गए थे, उन पर ही अमल करना है। सुस्त नहीं पड़ना है। सदर इलाके में सैन्य क्षेत्र के बाहर पुलिस का सत्यापन अभियान चल रहा है। अधिकारियों का मानना है कि यह अभियान आगे के लिए भी जरूरी है। लंबे समय से सैन्य क्षेत्र के आस-पास सत्यापन अभियान नहीं चला था। शनिवार की दोपहर अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी के नेतृत्व में पुलिस ने एयरफोर्स परिसर के बाहर पैदल मार्च किया था। कई एसीपी मौजूद थे। पूरे सर्किल का फोर्स बुलाया गया था। हर तरफ पुलिस ही पुलिस नजर आ रही थी। अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी सड़कों पर दिखनी चाहिए। प्रतिदिन हर थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कराया जाएगा। थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी के साथ एसीपी भी इसमें मौजूद रहेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।