रामलीला मैदान में मनाया जाएगा महाराजा सूरजमल का विजय दिवस
Agra News - भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल का प्रथम विजय दिवस कार्यक्रम 12 जून को आगरा किले के सामने रामलीला मैदान में मनाया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे। महाराजा सूरजमल ने 12...

भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल का प्रथम विजय दिवस कार्यक्रम 12 जून को शाम छह बजे आगरा किले के सामने रामलीला मैदान में मनाया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश के सांस्कृतिक एवं पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित होगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य संयोजक छावनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश हैं। रविवार को सर्किट हाउस में हुई बैठक में विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने बताया कि उनके नेतृत्व में प्रगतिशील जाट महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार एवं अन्य पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल कुछ दिन पूर्व सीएम योगी आदित्यनाथ से मिला था। उन्होंने आगरा किला परिसर में 12 जून को कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की थी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल ने आगरा किले के चारों तरफ डेरा डालकर जीत का परचम परचम लहराया था। अपने शौर्य एवं पराक्रम से उस समय के मुगल शासक आलमगीर द्वितीय को लड़ाई में परास्त कर 12 जून 1761 को लाल किले पर कब्जा कर लिया था और ताजमहल को अपने घोड़ों का अस्तबल बनाकर भूसा भरवा दिया था। महाराजा सूरजमल ने शिवाजी महाराज को लालकिले में कैद रखने और गोकुलाजाट के मृत्युदंड का बदला लिया था। इसी कारण महाराजा सूरजमल के वंशज इस अवसर पर विजय दिवस कार्यक्रम मनाने जा रहे हैं। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में लोकगायन, महाराजा सूरजमल के जीवन पर आधारित नाटक एवं अन्य कार्यक्रम होंगे। इस दौरान प्रगतिशील जाट महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम फौजदार, मुख्य संरक्षक यादराम वर्मा, उदयवीर सिंह चाहर, मोहन सिंह सोलंकी, राजेंद्र सिंह चाहर, गजेंद्र चौधरी, संजय खैरवार, महेश शर्मा, रोहित कत्याल आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।