Leopard Killing Three Suspects Arrested After Farmers Attack तेंदुए को मारने में आरोपी ग्राम प्रधान के भाई समेत तीन किसानों ने किया सरेंडर, Amroha Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmroha NewsLeopard Killing Three Suspects Arrested After Farmers Attack

तेंदुए को मारने में आरोपी ग्राम प्रधान के भाई समेत तीन किसानों ने किया सरेंडर

Amroha News - किसानों पर तेंदुए के हमले के बाद तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने थाने जाकर सरेंडर किया। तेंदुए के हमले में घायल किसानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वन अधिकारी...

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहाMon, 9 June 2025 03:23 AM
share Share
Follow Us on
तेंदुए को मारने में आरोपी ग्राम प्रधान के भाई समेत तीन किसानों ने किया सरेंडर

किसानों पर हमले के बाद तेंदुए को पीट-पीटकर मार डालने में नामजद तीन आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद शनिवार देर रात आरोपियों ने खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर किया। पुलिस अब वीडियो और फोटो के आधार पर तेंदुए को मारने में शामिल रहे अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। वहीं, तेंदुए के हमले में घायल किसानों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। कार्रवाई की जद में आने को लेकर ग्रामीणों में खौफ बना है। शनिवार सुबह की घटना थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर हमीदपुर की है। सुबह में करीब 11 बजे गांव निवासी कोविन अपने खेत में काम कर रहा था।

उसी दौरान दूसरे खेत से निकलकर आए तेंदुए ने कोविन पर अचानक हमला कर दिया था। तेंदुए ने दूसरे किसानों पर भी हमला बोल दिया था। हमले में हेतराम, कृपाल सिंह, अरविंद, धर्म सिंह और हेमराज बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरकर मार डाला था। तेंदुए के हमले से घायल छह किसानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। पुलिस ने मौके से ग्राम प्रधान बृजेश के भाई राकेश और धर्मवीर व राजू को हिरासत में लिया था। वन अफसर तीनों को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए थे। पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर थाने पहुंचे ग्रामीण तीनों आरोपियों को छुड़ाकर वहां से अपने साथ ले गए थे। देर रात इस मामले में क्षेत्रीय वन अधिकारी राजीव वर्मा ने राजू सैनी, धर्मवीर व ग्राम प्रधान के भाई राजेश कुमार के अलावा अज्ञात ग्रामीणों पर तेंदुए की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। जिसमें आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया था। वहीं, कार्रवाई के खौफ में देर रात राजू सैनी, धर्मवीर और ग्राम प्रधान के भाई राजेश कुमार ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। इंसेट: बदली हुई तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा नौगावां सादात। तेंदुए की हत्या के मामले में थाना पुलिस ने बदली हुई तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। वन विभाग टीम की हिरासत से छुड़ाए गए तीनों आरोपियों के सरेंडर करने के बाद ग्राम प्रधान और उनके साथियों का नाम तहरीर से हटा दिया गया है। जिसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं, पुलिस वन अफसरों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है। तेंदुए के शव का किया दाह संस्कार, गड्ढा खोद दबाई हड्डियां नौगावां सादात। पोस्टमार्टम के बाद वन अफसरों ने एडवाइजरी के मुताबिक तेंदुए का दाह संस्कार करा दिया है। डीएफओ एसपी सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हड्डियों को गहरा गड्ढा खोदने के बाद दबवा दिया गया है। वहीं, वन अफसरों को अभी तेंदुए की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। वन अफसरों ने भी लिखा मुकदमा, विवेचना में फंसा पेंच नौगावां सादात। तेंदुए की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बताया जा रहा है कि थाना पुलिस के अलावा वन अफसरों ने मामले में अपने स्तर पर एक मुकदमा और दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि वन अफसरों से बातचीत की जा रही है। एक घटना की अलग-अलग विवेचना का कोई औचित्य नहीं बनता है। बातचीत के बाद जो भी निष्कर्ष सामने आएगा, उसके आधार पर ही मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कोट- तेंदुए को मारने में आरोपी राजू सैनी, धर्मवीर और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है। वीडियो और फोटो के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्दी ही अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। अवधभान सिंह भदौरिया, सीओ

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।