इंस्टाग्राम पर वंदे मातरम गीत का वीडियो अपलोड करने पर पथराव
Amroha News - अमरोहा में एक महिला ने इंस्टाग्राम पर वंदे मातरम गीत का वीडियो अपलोड किया, जिस पर पड़ोसियों ने एतराज जताया। इसके बाद विवाद बढ़ा और आरोपियों ने महिला के घर पर पथराव किया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत...

अमरोहा। इंस्टाग्राम पर वंदे मातरम गीत का वीडियो अपलोड करने पर पड़ोसियों ने एतराज जताया। इसे लेकर कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोपियों ने वीडियो अपलोड करने वाली महिला के घर पर पथराव कर दिया। पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डीएम स्तर पर हुई शिकायत के बाद पुलिस मामले को दूसरी रंजिश से जुड़ा बता रही है। मामला शहर के मोहल्ला दरबारे कलां का है। यहां मोहम्मद हुसैन का परिवार रहता है। उनकी पत्नी शादमानी खानम के मुताबिक बीती 13 मई को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक वीडियो अपलोड की थी।
जिसमें वंदे मातरम का गीत था। आरोप है कि पड़ोसियों ने वीडियो पर एतराज जताते हुए उनके साथ गाली-गलौज की। शादमानी ने जब इसका विरोध जताया तो 14 मई को मारपीट की। आरोपियों ने घर पर पथराव भी किया। पीड़िता ने पथराव करते हुए आरोपियों का वीडियो बना लिया। जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की बल्कि उनके खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर ली। लिहाजा, गुरुवार को पीड़िता ने डीएम निधि गुप्ता को शिकायती पत्र देते हुए कार्रवाई करने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर का कहना है कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच विवाद आपसी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।