सात साल से चल रही फैक्ट्री, 2022 में रिन्युअल हुआ था लाइसेंस
Amroha News - अमरोहा, संवाददाता। चार बेकसूर महिलाओं की मौत का सबब बनी अतरासी कलां की पटाखा फैक्ट्री यहां बीते सात साल से संचालित थी। पहले फैक्ट्री को आबादी क्षेत्र

चार बेकसूर महिलाओं की मौत का सबब बनी अतरासी कलां की पटाखा फैक्ट्री यहां बीते सात साल से संचालित थी। पहले फैक्ट्री को आबादी क्षेत्र के भीतर ही संचालित किया जा रहा था। इस बीच बीते साल एक दूसरी फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद इसे खेतों की ओर शिफ्ट किया गया था। सोमवार को हुए हादसे के बाद हर जहन में फैक्ट्री संचालन से जुड़े जरूरी मानकों को पूरा किया जा रहा था या नहीं, इसको लेकर सवाल कौंधता रहा। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक संबंधित पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस साल 2018 में जारी किया गया था। दो साल बाद साल 2020 में इसका रिन्युअल किया गया।
इसके बाद 2022 में फिर से पांच साल के लिए साला 2027 तक फैक्ट्री का रिन्युअल किया गया। उनके मुताबिक इस दौरान समय-समय पर फैक्ट्री का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण में वहां मानक का पालन किया जाता मिला। उनका कहना है कि आबादी से बाहर ही ऐसी फैक्ट्रियों का संचालन किया जा सकता है, ऐसे में गांव से अलग हटकर इसे संचालित किया जा रहा था। वहीं प्रथम दृष्टया अप्रशिक्षित महिलाओं से मौके पर काम कराने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि जिम्मेदार अधिकारी इस बावत अभी जल्दबाजी में खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। मामले में जांच पूरी हो जाने के बाद ही हादसे का कारण साफ हो पाने की बात कही जा रही है। ऐसे में अब सबकी निगाह इस ओर प्रशासनिक जांच व उसकी रिपोर्ट पर ही टिकी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।