Tragic Road Accidents in Azamgarh Five Dead Three Injured Including Woman हादसों में महिला समेत पांच की मौत, तीन घायल , Azamgarh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAzamgarh NewsTragic Road Accidents in Azamgarh Five Dead Three Injured Including Woman

हादसों में महिला समेत पांच की मौत, तीन घायल

Azamgarh News - आजमगढ़ में पिछले 24 घंटों में विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई है। मुबारकपुर में एक महिला की स्कूटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, दो बाइक की टक्कर में एक...

Newswrap हिन्दुस्तान, आजमगढ़Tue, 17 June 2025 12:46 AM
share Share
Follow Us on
हादसों में महिला समेत पांच की मौत, तीन घायल

हादसों में महिला समेत पांच की मौत, तीन घायल आजमगढ़, संवाददाता। जनपद के अलग-अलग स्थानों पर बीते 24 घंटों में हुईं मार्ग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। मुबारकपुर में पुत्र के साथ घर लौट रही महिला की स्कूटी में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वहीं, बरदह थाना क्षेत्र में बरात जाते समय दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत हो गई। इसके साथ ही देवगांव, गंभीरपुर और बिलरियागंज थाना क्षेत्र में हुईं दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। 1. अज्ञात वाहन की टक्कर से मां की मौत, बेटा घायल मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुझिया मोड़ के पास हुई दुर्घटना फोटो 3 शाहगढ़, हिन्दुस्तान संवाद।

मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुझियां बाजार में सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल हो गया। दुर्घटना के समय वह अपने पुत्र के साथ मायके से घर लौट रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर (ओझौली) निवासी 45 वर्षीय ज्ञानमती के पति सुरेंद्र यादव विदेश में रहते हैं। वह अपने बेटे 20 वर्षीय अनुराग यादव के साथ सिधारी थाना क्षेत्र के खैरातपुर में रहती है। वह अपने मायके टेऊंवापार थाना घोसी जनपद मऊ गई थी। सोमवार की सुबह अपने पुत्र अनुराग के साथ स्कूटी से खैरातपुर लौट रही थी। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुजिया के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों स्कूटी समेत सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने ज्ञानमती को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुराग को रेफर कर दिया। अनुराग का शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। 2. बरात जाते समय दो बाइकों में टक्कर, युवक की मौत दीदारगंज थाना क्षेत्र के करवी मोड़ के पास हुई दुर्घटना आजमगढ़, संवाददाता। दीदारगंज थाना क्षेत्र के करवी मोड़ के पास रविवार की रात बरात जाते समय दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें जौनपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरदह थाना क्षेत्र के सकरामऊ गांव निवासी 27 वर्षीय आशीष राजभर रविवार को अपने मित्र 20 वर्षीय संगम राजभर और 32 वर्षीय रामआसरे राजभर के साथ बाइक से दोस्त की शादी में शामिल होने फुलवरिया बाजार जा रहे थे। दीदारगंज थाना क्षेत्र के करवी मोड़ के पास पहुंचते ही दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे तीनों घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों को रेफर कर दिया। घायलों का जौनपुर जनपद में उपचार चल रहा है। वह वेल्डिंग का काम करता था। पांच भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके तीन बेटे और एक बेटी है। घटना के बाद से पत्नी अनीता सहित परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं। 3. बोलरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत देवगांव कोतवाली के पकड़ी खुर्द गांव की घटना लालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोफीपुर-चिरकिटी मार्ग पर पकड़ी खुर्द मोड़ के पास रविवार की रात बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी खुर्द गांव निवासी 32 वर्षीय नागेंद्र यादव रविवार को बाजार गया था। देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। सोफीपुर-चिरकिहिट मार्ग पर पकड़ी खुर्द मोड़ पर पहुंचा था। इस दौरान बोलेरो ने सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घायल नागेंद्र को लेकर लोग लालगंज अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नागेंद्र चार-भाई बहनों में छोटा था। उसका एक बेटा और एक बेटी है। 4. ननिहाल जा रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत सड़क के किनारे गड्ढा में मिला शव गंभीरपुर के मई खरगपुर गांव की घटना मुहम्मदपुर, हिन्दुस्तान संवाद। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाईं की बाजार ओवरब्रिज के पास रविवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के समय वह अपने ननिहाल जा रहा था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली सुरसी गांव निवासी 35 वर्षीय सोनू गोड़ मुंबई में रहकर बड़ा-पाव बेचता था। 15 दिन पूर्व वह घर आया था। रविवार को अपने ननिहाल लालगंज जा रहा था। रात करीब आठ बजे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाईं की बाजार ओवरब्रिज के पास पहुंचा। इस दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क के किनारे गड्ढे में गिर गया। बाइक सड़क पर पलट गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी मोहम्मदपुर पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सोनू गोंड छह भाई और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसके तीन बच्चे हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मां मनोरमा देवी, पत्नी सविता देवी सहित परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं। 5. अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पिपरहा में हुई घटना बिलरियगंज, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के पिपरहा गांव में रविवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। दुर्घटना समय वह पैदल बाजार से घर लौट रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पिपरहा गांव निवासी 37 वर्षीय ललित मजदूरी करते थे। रविवार को बाजार गए थे। रात करीब आठ बजे पैदल घर लौट रहे थे। गांव के पास अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया। घायल को लेकर परिजन सीएचसी बिलरियगंज पहुंचे, डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह दो भाइयों में छोटे थे। उनकी एक बेटी और तीन बेटे हैं। घटना के बाद से पत्नी किरन सहित परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।