वन विभाग रोड पर लगा रहा भीषण जाम, परेशान रहे लोग
Badaun News - शहर में वन विभाग रोड पर ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह वीआईपी इलाका होने के बावजूद यातायात व्यवस्था बेहद खराब है।...

शहर में वन विभाग रोड पर ई-रिक्शा के बेतरतीब संचालन व अन्य वाहनों की वजह से दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। जाम लगने की वजह से इस मार्ग पर घंटो वाहन रेंगते रहे। जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वीआईपी इलाका होने के बाद भी यहां यातायात व्यवस्था बदहाल नजर आई। शुक्रवार को सुबह से ही वन विभाग रोड पर जाम लगना शुरू हो गया। जाम में फंसे लोग घंटो से जाम के झाम से जूझते रहे। जाम में फंसे लोग व्यवस्था को कोसते नजर आए। बताते चलें कि वन विभाग रोड वीआईपी रोड में शुमार है।
इधर से पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के अलावा जज व अधिवक्ताओं का आना-जाना लगा रहता है। इसी रोड पर न्यायालय व वन विभाग का कार्यालय भी है। कचहरी, अदालती कार्यों के अलावा वन विभाग कार्यालय में भी प्रतिदिन लोगों का आवागमन होता है। साथ ही स्थानीय लोगों का भी आवागमन रहता है। इस मार्ग पर चलने वाले ई-रिक्शा व ऑटो चालक बेतरतीब ढंग से बीच में घुस आते हैं। जिससे यहां दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।