कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर, युवक की मौत
Balia News - नगरा में तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस...

नगरा, हिन्दुस्तान संवाद। तेज रफ्तार कारों के बीच शनिवार की रात हुई आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी। दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गये। सभी को स्थानीय पीएचसी पर पहुंचाया गया जहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के पकड़ीताल निवासी 45 वर्षीय अम्बेश सिंह, 20 वर्षीय अवधेश सिंह, 35 वर्षीय आदित्यवर्धन सिंह, 38 वर्षीय विपुल सिंह कार से किसी बारात में शामिल होने जा रहे थे। रात करीब आठ बजे उनकी गाड़ी नगरा-गड़वार मार्ग पर इलाके के बछईपुर चट्टी से गुजर रही थी।
इसी बीच सामने से आ रही एक अन्य कार से जोरदार टक्कर हो गयी। दूसरी कार में सवार क्षेत्र के सलेमपुर निवासी 50 वर्षीय नरेंद्र सिंह तथा 40 वर्षीय ब्रजेश सिंह भी घायल हो गये। तेज आवाज के साथ हुई इस घटना के बाद पहुंचे आसपास के लोगों ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां के डॉक्टरों ने अम्बेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी कब्जा में ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई हेमंत सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस सम्बंध में सीओ रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता का कहना है कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग जख्मी हो गये हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।