गांवों में चौपाल लगा पुलिस ने सुनीं लोगों की समस्याएं
Barabanki News - बाराबंकी में पुलिस ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने और समाधान करने के लिए हर बुधवार को पुलिस चौपाल का आयोजन शुरू किया है। इस पहल से भूमि विवाद, रास्ते की समस्याएं और अन्य मुद्दों का निस्तारण किया गया...

बाराबंकी। जनता और पुलिस के बीच संवाद को सशक्त और भरोसेमंद बनाने की दिशा में पुलिस ने एक अभिनव पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एक-एक ग्राम पंचायत में प्रत्येक बुधवार को पुलिस चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याएं सुनना और उनका मौके पर ही प्राथमिक स्तर पर समाधान करना है। बुधवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चौपालों का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं जैसे भूमि विवाद, रास्ते और नालियों से जुड़ी परेशानियां, पैसे के लेन-देन आदि को चौपाल में खुलकर रखा, जिनका निस्तारण मौके पर ही किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्राम अपराध रजिस्टर की समीक्षा कर विवादित मामलों की जानकारी प्राप्त की और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही शस्त्र धारकों और हिस्ट्रीशीटरों की जानकारी भी संकलित की गई। उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराध, यातायात नियमों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 1076, 108 और 1930 झ्र की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की गई। प्रमुख मामलों का निस्तारण: थाना दरियाबाद अंतर्गत ग्राम रसूलपुर कला में दो पक्षों के बीच दो वर्षों से चल रहे रास्ते के विवाद को राजस्व विभाग की मदद से सुलझाया गया। थाना फतेहपुर के ग्राम अहमदपुर गुडैली में पांच वर्षों से लंबित नाली निकासी की समस्या को ग्राम प्रधान के सहयोग से निस्तारित कराया गया। थाना सतरिख क्षेत्र के ग्राम दिबियापुर सहेलिया में ग्राम समाज की भूमि पर निर्माण को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान राजस्व विभाग के सहयोग से किया गया। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे संवाद और समाधान की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।