फर्रुखाबाद में बोलेरो की ट्रक से भिड़ंत, 6 पुलिस वाले घायल; नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में जा रहे थे
हादसा, फर्रुखाबाद में कानपुर रोड पर हुआ। पुलिसकर्मी, बोलेरो पर सवार होकर बदायूं से लखनऊ जा रहे थे। सुबह करीब पौने छह बजे बदायूं जिले के ग्राम हाजी नगला और ग्राम उबरी खेड़ा से करीब 400 मीटर पहले कमालगंज थाने के खुदागंज थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ।

यूपी के फर्रुखाबाद में पुलिसवालों की बोलेरो की ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। ये पुलिस वाले रविवार को लखनऊ में आयोजित नियुक्त पत्र वितरण कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने खुद अस्पताल पहु्ंचकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों से उनके इलाज के अच्छे इंतजाम के लिए बात की।
हादसा, फर्रुखाबाद में कानपुर रोड पर हुआ। मिली जानकारी के अनुसार पुलिसकर्मी, बोलेरो पर सवार होकर बदायूं से लखनऊ जा रहे थे। सुबह करीब पौने छह बजे बदायूं जिले के ग्राम हाजी नगला और ग्राम उबरी खेड़ा से करीब 400 मीटर पहले कमालगंज थाने के खुदागंज थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ।
हादसे के घायलों में एसआईएम परवेन्द्र मलिक , एएसआईएम प्रदीप चौधरी, एएसआईएम सोनू, मयंक तिवारी ,आरक्षी बॉबी और हेड कांस्टेबल ड्राइवर जितेंद्र सरोहा शामिल हैं। सभी का इलाज जिला चिकित्सालय राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी का इलाज कराया जा रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
एसपी ने अस्पताल पहुंच लिया जायजा
पुलिसकर्मियों की गाड़ी के एक्सीडेंट की सूचना पर फर्रुखाबाद की एसपी आरती सिंह खुद अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने हादसे में घायल पुलिस कर्मियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। एसपी आरती सिंह ने डॉक्टरों से भी बात की। डॉक्टरों से बातचीत में एसपी ने घायल पुलिसकर्मियों के अच्छे से अच्छे इलाज का अनुरोध किया। उन्होंने सबके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।